रोहतक लोकसभा के लिए इनेलो ने धर्मबीर फौजी के नाम पर लगाई मुहर

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2019 - 06:07 PM (IST)

बदागुरगढ़ (प्रवीन धनखड़) : इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने पार्टी के तीन उम्मीदवारों का नाम भी प्रदेश की जनता के सामने लाकर रख दिया है। जिनमें से रोहतक लोकसभा क्षेत्र से इनेलो ने बहादुरगढ़ के धर्मवीर फौजी को मैदान में उतारा है। बता दें कि धर्मवीर फौजी बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र के पटेल पार्क में रहते हैं और जो फिलहाल इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य होने के साथ-साथ इनेलो सैनिक प्रकोष्ठ के वरिष्ठ उपप्रधान भी हैं।

धर्मवीर फौजी का परिवार मूल रूप से रोहतक लोकसभा क्षेत्र के कलानौर हलके के रिटोली कबूलपुर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार करीब 34 साल पहले बहादुरगढ़ रहने आया था। धर्मवीर फौजी सेना में बतौर सैनिक कार्य कर चुके हैं और सिग्नल कोर में ऑपरेटर के पद से रिटायर होकर राजनीति में आए थे। वह वर्ष 1992 में रोहतक जिला युवा इनेलो के उपप्रधान बने और 10 साल तक सैनिक प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव भी रहे।

55 साल के धर्मवीर फौजी 26 लोगों के संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनके दो बेटे, एक बेटी, पांच भाई और दो भतीजे है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए धर्मवीर फौजी ने कहा कि एक किसान के बेटे को टिकट देकर ओपी चौटाला ने फौजियों और किसानों का मान बढ़ाया है। उनका कहना है कि धनकुबेरों के बीच गरीब किसान का बेटा चुनावी मैदान में उतरा है। अब जनता ही सही फैसला लेगी।

धर्मवीर फौजी का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस ने फौजी और फौज के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। वहीं इनेलो ने फौजियों की शान और गरीब का मान बढ़ाने का काम किया है। उनका कहना है कि उनकी कोई जात नहीं है, क्योंकि वह एक सैनिक है और देश की रक्षा के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे। लोकसभा में जाकर वह गरीब और आम आदमी के हित के मुद्दे उठाएंगे और भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static