राई में खुले में पड़ा गेहूं भीगा, भड़के किसान

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2019 - 05:21 PM (IST)

राई (स.ह.): बुधवार को शाम के समय हुई बारिश के कारण राई में खुले में पड़ा गेहूं भीग गया। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर न केवल प्रदर्शन किया बल्कि वीरवार तक इंतजाम नहीं होने पर धरना शुरू करने की चेतावनी भी दी है। यहां राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में बनाई गई अस्थायी अनाज मंडी में पहुंचे किसानों ने प्रशासन पर इंतजाम नहीं करने के आरोप भी लगाया। 

संघ के प्रदेश महामंत्री विरेंद्र बढख़ालसा ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। मंडी में जल्द समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की लगातार अनदेखी हो रही है। उनके गेहूं की मंडी में खरीदारी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही मौसम की मार के कारण परेशानी से जूझ रहे हैं। अब उनकी फसल की खरीदारी नहीं होने से उनकी दिक्कत बढ़ गई है। 

मंडी में किसानों की सुविधा का कोई प्रबंध नहीं है। मंडी में शौचालय तक नहीं है। किसानों को पेयजल के लिए भी भटकना पड़ रहा है और न ही इलैक्ट्रॉनिक कांटे का प्रबंध हैं। बारिश से बचने के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे पड़ा गेहूं भीगकर खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि जल्द से जल्द किसानों को सभी सुविधा मुहैया करवाई जाए। उन्होंने आढ़तियों से कहा कि वे किसानों की हरसंभव मदद करे। इस दौरान जिलाध्यक्ष चांद मान, मुकेश दहिया नाहरी, अरुण चौहान मनौली, दर्शन त्यागी राई, रमेश बढख़ालसा, सुनील खेवड़ा, मनीष व दिनेश आदि मौजूद रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static