वूमैन इम्पावरमैंट : 10 हजार महिलाओं के हाथ होगी चुनाव करवाने की जिम्मेदारी

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2019 - 12:22 PM (IST)

जालंधर (पुनीत): देश में वूमैन इम्पावरमैंट (नारी सशक्तिकरण) तेजी से हो रहा है। हर फील्ड में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हो रही हैं और आने वाले लोकसभा चुनाव करवाने में भी महिलाओं की अहम भूमिका रहेगी। चुनाव करवाने के लिए 18 हजार के करीब कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

इनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले कहीं अधिक है, जिससे साबित होता है कि महिला सशक्तिकरण बड़े स्तर पर हो रहा है। जिले में 10 हजार महिलाओं के हाथों में चुनाव करवाने की कमान रहेगी जबकि 8 हजार के करीब पुरुष चुनावी ड्यूटी निभाएंगे।  वोटरों को जागरूक करने के लिए भी महिलाओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्ज एजुकेशन एंड इलैक्ट्रोरल पार्टीसिपेशन) स्कीम के तहत आर.टी.ए. नयन जस्सल को कैंट जबकि ई.ओ. सुरिन्द्र कुमारी को जालंधर नॉर्थ हलके में वोटरों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में कुल 15.74 लाख वोटर हैं जिनमें 8.22 लाख पुरुष जबकि 7.52 लाख महिला मतदाता हैं। 22 अप्रैल से उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं जोकि 29 अप्रैल तक स्वीकारे जाएंगे। जालंधर लोकसभा हलके के अधीन आते 9 विधानसभा हलकों में 6531 ई.वी.एम. व वी.वी.पैट के जरिए वोटिंग करवाई जाएगी। वोटिंग हेतु जिले में 1863 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

ड्यूटी कटवाने के लिए हो रही जद्दोजहद 
वोटिंग हेतु सरकारी कर्मचारी, बैंक अधिकारियों, सरकारी स्कूल-कॉलेजों के स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाती है, इनमें से बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं जोकि अपनी ड्यूटी कटवाना चाहते हैं। लोग इसके लिए कई तरह के बहाने बनाते हैं लेकिन प्रशासन इस बार सख्ती अपनाए हुए है। जो लोग मैडीकल का बहाना बनाकर छुट्टी कटवाना चाहते हैं, की जांच हेतु मैडीकल टीम का गठन किया गया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि यदि झूठा मैडीकल देकर ड्यूटी कटवाने की कोशिश की गई तो संबंधित कर्मचारी पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जैनुअन केस को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा इसलिए वही लोग ड्यूटी कटवाने के लिए आवेदन करें जिन्हें किसी तरह की कोई परेशानी है।

19 मई को रहेगी पेड छुट्टी 
लोकतंत्र की मजबूती के लिए 19 मई को वोटिंग वाले दिन पेड छुट्टी का ऐलान किया गया है। जिलाधीश ने इस संबंध में अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए एक्ट-1951 की धारा 135-बी के तहत यह घोषणा की है। इस दिन सभी अदारे, औद्योगिक व शिक्षण संस्थान, शॉपिंग मॉल, दुकानें इत्यादि बंद रहेंगी। इस छुट्टी वाले दिन की तनख्वाह नहीं काटी जाएगी। यदि कोई कर्मचारी की तनख्वाह काटता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News