जुलाना स्टेशन पर अटका पैसेंजर ट्रेन के इंजन का व्हील

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 04:54 PM (IST)

जींद (हिमांशु): दिल्ली से चलकर रोहतक, जींद, नरवाना, टोहाना होते हुए जाखल की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सोमवार देर रात जींद जंक्शन पर एक घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेन के देरी से पहुंचने का मुख्य कारण जुलाना स्टेशन पर गाड़ी के इंजन का व्हील का अटकना था। व्हील के अटकने से ट्रेन को स्टेशन पर रोककर रखा गया। स्टेशन से काफी देर तक ट्रेन के नहीं चलने से यात्रियों ने ट्रेन से नीचे उतरकर नाराजगी जाहिर की और उसके बाद वह इसी ट्रेन के पीछे आ रही दिल्ली कुरुक्षेत्र डी.ई.एम.यू. ट्रेन में सवार होकर जींद जंक्शन पर पहुंचे।

गाड़ी संख्या 54035 जींद जंक्शन पर सोमवार की देर रात एक घंटे के बाद ही जंक्शन पर पहुंची थी। व्हील के अटकने की सूचना जैसे ही रेलवे कर्मचारियों को लगी तो वह तुरंत प्रभाव से मौके पर पहुंच गए और उन्होंने व्हील को ठीक करने का काम भी शुरू कर दिया। पूरी प्रक्रिया में कर्मचारियों को 55 मिनट का समय लगा। व्हील के ठीक किए जाने के बाद ट्रेन को जुलाना स्टेशन से जींद के लिए रवाना किया गया।

यात्रियों ने ट्रेन से नीचे उतरकर जताई नाराजगी 
ट्रेन में बैठे यात्रियों के सब्र का बांध जब टूट गया जब उन्हें आभास हुआ कि पिछले 30 मिनट तक ट्रेन को चलाया क्यों नहीं जा रहा है। बैठे सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर लाइनों पर आ गए और उन्होंने नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना था कि अगर इस तरह की कुछ बात होती है तो हमेशा यात्रियों को ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना था कि  यह कोई पहली बार नहीं है कई बार ऐसा होता है।  

यह है  ट्रेन का शैड्यूल 
 डी.जे.जे. दिल्ली, जींद, जाखल गाड़ी संख्या पैसेंजर ट्रेन दिल्ली से जाखल के लिए दोपहर बाद 3.40 पर रवाना होती है। उसके बाद यह सभी स्टेशनों पर ठहरती हुई जींद जंक्शन पर 7.45 पर पहुंचती है। सोमवार के दिन इस ट्रेन का जुलाना में व्हील अटकने से यह ट्रेन एक घंटे बाद यानि 8.45 पर जींद जंक्शन पर पहुंची। उसके बाद इस ट्रेन को 2 मिनट के ठहराव के बाद जाखल के लिए रवाना किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static