जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत, पति सहित 4 पर दहेज हत्या का केस दर्ज (VIDEO)

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 04:32 PM (IST)

पानीपत (संजीव): गांव छाजपुर कलां में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मृतका के पति, सास, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। 

गांव सिवाह निवासी अशोक ने पुलिस को बताया कि उसकी गांव में करियाने की दुकान है। वह 2 भाई बहन हैं। उसकी छोटी बहन की शादी 6 साल पहले छाजपुर कलां निवासी अजय के साथ हुई थी जिससे उसकी बहन के पास 2 लड़की व एक लड़का है। शादी के बाद से ही उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग पति अजय, सास चांदी, जेठ देवेन्द्र उर्फ काला, जेठानी रानी दहेज के लिए परेशान करते थे।

कई बार उनके द्वारा आरोपियों की मांग को पूरा भी किया गया लेकिन उन्होंने उसकी बहन को परेशान करना जारी रखा। अब उसकी बहन पर पिछले कुछ समय से मायके से डेढ़ लाख रुपए लाने का दबाव बनाया जा रहा था जिसकी मांग को पूरा नहीं किया गया जिसके चलते ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन के साथ मारपीट करने लगे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसके मोबाइल पर बहन सरोज ने फोन करके बताया कि उक्त आरोपी उससे दहेज के लिए मारपीट कर रहे हैं तथा जान से मारना चाहते हैं। उसके करीब 5 मिनट बाद ही बहन का दोबारा फोन आया जिसने उसने बताया कि आरोपियों ने उसे जबरन जहर पिला दिया है।

सूचना मिलते ही वह तथा परिवार के अन्य सदस्य बहन की ससुराल पहुंचे तो पाया कि आरोपी वहीं पर थे तथा उसकी बहन बेसुध हुई पड़ी थी। जिसे उन्होंने तुरन्त बाला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। अशोक का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के चलते ही उसके जीजा ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर उसकी बहन की जहर खिलाकर हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम उपरांत वारिसों को सौंप दिया है। वहीं अशोक के बयानों के आधार पर सभी चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static