80 वर्षीय लोकी देवी का नसीब, आज तक नहीं मिला इन योजनाओं का लाभ

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2019 - 12:06 PM (IST)

तुनुहट्टी : क्षतिग्रस्त मकान की मुरम्मत व पैंशन की गुहार लगाते-लगाते पंचायत चलामा के गांव द्रबड़ की निर्धन महिला 80 वर्षीय लोकी देवी के पांव बेशक दुख गए हों लेकिन जनकल्याण योजनाओं के तहत मिलने वाली कोई भी मूलभूत सुविधा लोकी देवी को आज दिन तक नसीब नहीं हो पाई है। हालांकि करीब 6 वर्ष पूर्व उसका नाम बाकायदा आई.आर.डी.पी. योजना में दर्ज किया गया मगर इसका भी कोई लाभ उसे प्राप्त नहीं हो सका है जिसके चलते लोकी देवी पत्नी स्व. जीतो राम अपने 40 वर्षीय बेरोजगार पुत्र के साथ दुधारू पशुओं के सहारे कैसे न कैसे टूटे हुए मकान में दिन व्यतीत करने के लिए विवश है।

नहीं मिल पाई लोकी को राहत पंचायत चलामा में अप्रैल, 2013 में आयोजित ग्राम सभा बैठक में लोकी देवी का नाम उसके परिवार व मकान की हालत देख प्रतिनिधियों ने प्राथमिकता के आधार पर सर्वसम्मति से आई.आर.डी.पी. सूची में डाला, वहीं वर्ष 2015 में आवास योजना के तहत पंचायत के अन्य 15 लोगों की सूची में भी नाम प्रस्तावित हुआ। वर्ष 2018 में निर्धन एवं बेबस लोकी देवी का नाम एक बार फिर से पी.एम. व सी.एम. आवासीय योजना के लिए प्रस्तावित हुआ लेकिन बेहद खेद का विषय है कि हर बार किसी न किसी योजना के लिए लोकी देवी का नाम पंचायत से प्रस्तावित होने के बाद भी उसे न मकान और न ही कोई पैंशन प्राप्त हुई है जोकि सिस्टम व उसे चलाने वालों के लिए बेहद शर्मनाक है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News