यमुना घाट पर नहीं हुए बैसाखी के इंतजाम

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2019 - 11:36 AM (IST)

यमुनानगर (त्यागी): जिले में बैसाखी उत्सव की धूम रही। शहर में कई स्थानों पर बैसाखी के कार्यक्रम हुए। यमुना घाट पर मुख्य रूप से सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। यमुना में स्नान कर लोगों ने विशेष पूजा-अर्चना की। यमुना के एक घाट पर तो नहाने की कुछ व्यवस्था दिखाई दी लेकिन यमुना के अन्य किनारों पर श्रद्धालुओं के लिए कोई व्यवस्था न तो साफ सफाई की थी, न नहाने की थी। बैसाखी के दिन लोग अपने बच्चों का मुंडन करवाने के लिए यमुना घाट पर पहुंचते हैं लेकिन यहां किसी प्रकार के साफ सफाई के इंतजाम न होने के कारण श्रद्धालुओं के हाथ मायूसी ही लगी।

श्रद्धालुओं का कहना था कि जिला प्रशासन को लोगों की भावनाओं को देखते हुए यहां पुख्ता इंतजाम करवाए जाने चाहिए थें। नगर निगम को यहां सफाई व्यवस्था का ध्यान रखना चाहिए था। कुछ ऐसे मौके होते हैं जब श्रद्धालु भारी संख्या में यमुना घाट पर पहुंचते हैं और यदि ऐसे में भी जिला प्रशासन इस ओर ध्यान न दें तो श्रद्धालुओं की भावनाएं तो आहत होंगी ही। सायं के समय यहां लगने वाले मेले में भी कोई विशेष रौनक दिखाई नहीं दी। यमुना गली क्षेत्र में विशेष रूप से बैसाखी मेले का आयोजन हर वर्ष होता है लेकिन लगातार इसका उत्साह कम होता जा रहा है। लोगों का कहना है कि आज के इस मोबाइल के दौर में पारंपरिक त्यौहार व उत्सव तो समाप्त होते जा रहे हैं और उनकी जगह मोबाइल लेता जा रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static