पाकिस्तान ने दूसरे सद्भावना चरण में 100 और मछुआरों को किया रिहा

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2019 - 11:11 AM (IST)

इस्लामाबादः पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ सद्भावना बनाए रखने के लिए इस महीने चार चरणों में 360 भारतीय कैदियों को रिहा करने की घोषणा की है और इसके तहत शनिवार को दूसरे चरण में 100 मछुआरों को रिहा किया है। पाकिस्तान ने पहले जत्थे में सात अप्रैल को 100 मछुआरों को रिहा किया था।

अधिकारियों ने बताया, ‘सद्भावना के रूप में मलीर जेल से 100 अन्य भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया।’ उन्हें ट्रेन से लाहौर ले जाया जा रहा है जहां वाघा सीमा पर सोमवार को उन्हें भारतीय प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। इन मछुआरों को विभिन्न अभियानों के दौरान पाकिस्तानी जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने पर गिरफ्तार किया गया था।

अन्य 100 मछुआरों को 22 अप्रैल को रिहा किया जाएगा और 29 अप्रैल को यह प्रक्रिया उस समय पूरी हो जाएगी जब 55 मछुआरों और पांच कैदियों को रिहा किया जाएगा। बता दें कि रविवार को भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त का भी बयान आया जिसमें उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद भारत-पाकिस्तान बीच बातचीत की उम्मीद है। बता दें कि उच्चायुक्त सोहैल महमूद पाकिस्तान के विदेश सचिव पद की जिम्मेदारी संभालने वाले हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News