सोलन में अब तक की सबसे बड़ी वारदात, कैश से भरा ATM ले उड़े शातिर

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2019 - 05:51 PM (IST)

परवाणु: सोलन जिला के परवाणु शहर में शातिरों ने शनिवार देर रात्रि ए.टी.एम. को चोरी कर लिया। शातिर ओल्ड हाईवे पर कार्पोरेशन बैंक के ए.टी.एम. को कैश सहित लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि शातिर बड़ी ही सफाई से पूरी मशीन को ही उखाड़ कर ले गए। इस बारे में रविवार को पता चला और बैंक प्रबंधक की ओर से पुलिस थाना परवाणु को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे दिन मामले की छानबीन करती रही।

ए.टी.एम. में 8-9 लाख रुपए होने की संभावना

ए.टी.एम. में करीब 8-9 लाख रुपए होने की संभावना है लेकिन इस बारे में सही जानकारी बैंक प्रबंधक द्वारा एफ.आई.आर. करने के बाद ही पता चल सकेगी। पुलिस छानबीन में अभी आसपास व बैंक में कार्यरत लोगों के बयान दर्ज करवाए जा रहे थे और इसके साथ ही ए.टी.एम. रूम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाल कर मामले में सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।

अभी तक की सबसे बड़ी घटना

परवाणु शहर में ए.टी.एम. को ही अपने साथ ले जाने का यह मामला पहली बार हुआ है। इससे पहले में शहर में अभी तक छोटी-मोटी ही चोरियां होती रही हैं। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए भी चुनौती बन गई है। यहां पर पिछले करीब एक साल में कई वारदातें हुई हैं और इन्हें रोकने के लिए पुलिस बल की भी काफी कमी है।

कार्रवाई करने के बाद दर्ज होगा मामला

डी.एस.पी. परवाणु योगेश रोल्टा ने बताया कि कार्पोरेशन बैंक के ए.टी.एम. को उखाड़ कर ले जाने का मामला आया है। इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। फिलहाल अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है और मौके पर कार्रवाई करने के बाद मामला दर्ज करेंगे। मशीन में करीब 8-9 लाख रुपए होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News