BJP के बाराती तैयार, दूल्हे का इंतजार, कांग्रेस को दोनों की दरकार (Watch Video)

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2019 - 02:18 PM (IST)

मंडी (नीरज): देश इस वक्त लोकसभा चुनावों की दहलीज पर खड़ा है। कुछ ही समय शेष बचा है जब देश अपनी नई सरकार चुनेगा। लेकिन सरकार चुनने से पहले जो चुनावी प्रचार होता है उसमें भाजपा कांग्रेस से आगे नजर आ रही है। किसी के बाराती तैयार हैं लेकिन दूल्हे का इंतजार है जबकि किसी को दोनों की दरकार है। बता दें कि 22 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के लिए लोकसभा चुनावों की नोटिफिकेशन जारी होगी और 29 अप्रैल तक सभी प्रत्याशी अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल कर पाएंगे। तारीखें बता रही हैं कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश के पास प्रचार-प्रसार के लिए काफी समय है। लेकिन इस समय को कौन कितना भुना पा रहा है यह बड़ा सवाल है। प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का अधिक वर्चस्व है। हर बार मुकाबला इन्हीं दो प्रमुख राजनैतिक दलों के बीच होता है। ऐसे में लोकसभा चुनावों की इस बेला पर यह जानना जरूरी है कि प्रचार-प्रसार में कौन किससे कितना आगे है। 

भाजपा पहुंची परिवारों तक

भाजपा के प्रचार-प्रसार की बात करें तो इस वक्त भाजपा जिला, मंडल, बूथ और पन्ना प्रमुख से होकर लोगों के घरों तक पहुंच गई है। मेरा परिवार भाजपा परिरवार अभियान चलाकर घरों पर भाजपा के झंडे गाड़कर भाजपा ने अपनी पहुंच दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा ने प्रदेश में करीब एक साल पहले से ही चुनावी गतिविधियां शुरू कर दी है। पहले त्रिदेव सम्मेलन हुए और उसके बाद पन्ना प्रमुख सम्मेलन। पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भाजपा ने यह दिखा दिया कि उन्होंने किस प्रकार से जमीनी स्तर तक जाकर काम किया है। चारों संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां हो चुकी हैं जिसमें केंद्र के बड़े नेताओं ने आकर स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा लोकसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। उसके बाद हर घर पर भाजपा के झंडे गाड़कर अपने वोट पक्के करने का प्रयास किया। यही कारण है कि भाजपा का संगठन लोकसभा चुनावों के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार बता रहा है। मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर का कहना है कि जब मतदान होगा तो प्रदेश की चारों सीटों भाजपा की झोली में जाएंगी, क्योंकि संगठन जमीनी स्तर पर पूरी तरह से मजबूत है।

कांग्रेस जाएगी घर-घर तक

लोकसभा चुनावों के लिए देश के सबसे पुराने राजनैतिक दल कांग्रेस की तैयारियां कुछ खास नजर नहीं आ रही हैं। भाजपा के मुकाबले में कांग्रेस का प्रचार-प्रसार काफी पीछे नजर आ रहा है। टिकट की दावेदारी को लेकर संगठन ने बड़े कार्यक्रम तो किए लेकिन आम कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ। हालही में कांगड़ा जिला में एक बड़ी रैली जरूर आयोजित की गई थी लेकिन उससे भाजपा की तैयारियों के मुकाबले काफी पीछे आंका गया। वहीं अब कांग्रेस डोर टू डोर प्रचार की तरफ बढ़ने की बात कह रही है। मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक शर्मा का कहना है कि भाजपा प्रचार कम और शोर अधिक कर रही है और शोर वही करता है जिसे डर होता है। यदि भाजपा को अपने कार्यों पर इतना ही भरोसा है तो फिर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा सरकारों की नाकामियों से जनता को रूबरू करवाएगा। बहरहाल अभी इन दोनों ही दलों ने हिमाचल प्रदेश से अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी करना है। हो सकता है कि कांग्रेस प्रत्याशी के नाम के ऐलान के बाद अपने प्रचार को गति दे, लेकिन भाजपा प्रत्याशी के इंतजार के बीना ही लगातार अभियान में डटी हुई है। ऐसा लग रहा है कि जैसे भाजपा के बाराती तो तैयार हैं लेकिन दूल्हे का इंतजार है जबकि कांग्रेस को दोनों की ही दरकार है। देखना होगा कि चुनावों में किसका प्रचार किस पर भारी पड़ता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News