बरेली में राम बारात पर पथराव के बाद तनाव, बड़ी तादाद में सुरक्षाबल तौनात

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2019 - 10:06 AM (IST)

बरेली: मठ की चौकी क्षेत्र में बुधवार को अराजक तत्वों ने राम बारात पर पथराव किया। इससे भगदड़ मच गई और स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। शहर में इस घटना के बाद तनाव है। कई क्षेत्रों में बड़ी तादाद में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।

PunjabKesariबरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक आर.के. पांडेय ने बताया कि होलिका दहन से पहले परम्परागत तरीके से निकल रही राम बारात के दौरान साहू गोपीनाथ कॉलेज के निकट लाजपत मार्कीट में मौजूद महिलाओं से कुछ अराजक तत्वों ने छींटाकशी की। एक युवक ने किसी लड़की से छेड़छाड़ की और तभी राम बारात पर पथराव होने लगा। उन्होंने बताया कि राम बारात पर पथराव होने के बाद दूसरे पक्ष ने जवाब में पथराव किया और एक समुदाय को गालियां दीं। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। हालात को नियंत्रण से बाहर जाते देख राम बारात की सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे 2 लोग चोटिल हो गए।

PunjabKesariपांडेय के अनुसार लाठीचार्ज के बाद सुरक्षाबलों ने राम बारात को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। वहीं साहू गोपीनाथ कॉलेज से लेकर बांसमंडी, मुर्गों वाली गली और मठ की चौकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ सिरफिरों ने राम बारात में गड़बड़ी करने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस का पुख्ता इंतजाम होने के कारण स्थिति बिगड़ने से बचा ली गई। उन्होंने बताया कि थाना बारादरी और कोतवाली पुलिस अराजक तत्वों की तलाश कर रही है। पथराव में कोई घायल नहीं हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static