बसपा ने फतेहपुर सीकरी से ठाकुर राजवीर सिंह को बनाया प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

punjabkesari.in Wednesday, Mar 20, 2019 - 12:54 PM (IST)

आगरा(बृज भूषण): बहुजन समाज पार्टी ने आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी का नाम तय कर लिया है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश के बाद लोकसभा 2019 में फतेहपुर सीकरी से ठाकुर राजवीर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा गया है। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय के यहां से चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद बसपा ने ये फैसला लिया है। राजवीर सिंह दिल्ली के रहने वाले हैं।

बसपा के जोन कोर्डिनेटर सुनील चित्तौड़ ने प्रेसवार्ता कर लोकसभा प्रभारी (प्रत्याशी) घोषित होने की पुष्टि की है। बहुजन समाज पार्टी की आपात बैठक मंडल कार्यालय पर बुलाई गई। यहां पर प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हुई, जिसके बाद ऐसे नाम की घोषणा की गई, जिसका किसी को अंदाजा भी नहीं था। बसपा ने फतेहपुर सीकरी से गठबंधन का प्रत्याशी राजवीर सिंह को बनाया है। बता दें कि इस लोकसभा से पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और बीएसपी से मेयर का चुनाव लड़ चुके दिगंबर सिंह धाकरे का नाम शीर्ष पर चल रहा था,। लेकिन बसपा ने यहां से चौंकाने वाला निर्णय लिया है। 

इस दौरान जब आगरा में बसपा के मंडल कार्यालय पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा हुई, तब एक बसपा कार्यकर्ता ने ही इस पर सवाल खड़े कर दिए और हंगामा शुरु कर दिया। एक को विरोध करता देख दूसरे बसपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा करने वाले बसपा कार्यकर्ता को धक्के मार कर बाहर निकाल दिया, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगरा की पहली लोकसभा सीट पर प्रत्याशी हुए मनोज सोनी का पहले से विरोध चल रहा है और अब आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी चुने गए राजवीर सिंह का भी विरोध शुरू हो गया है तो ऐसे में बसपा गठबंधन की नैय्या कैसे पार होगी। ये एक बड़ा सवाल बना हुआ है।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static