विदेशों में भी छाया नितिन की आवाज का जादू, 5 साल की उम्र में शुरू किया था संगीत का सफर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 20, 2019 - 09:58 AM (IST)

पालमपुर (मुनीष/गौरव): अपनी मधुर आवाज से प्रदेश व देश के लोगों का दिल जीत चुके रियलिटी शो इंडियन आइडल-10 के परफार्मर ऑफ द सीजन नितिन कुमार की आवाज का जादू अब विदेशों में छाने लगा है। अब तक 8 देशों में अपने शो कर चुके नितिन अब इस माह के अंत व अप्रैल में भी कई देशों के 10 बड़े शहरों में अपनी आवाज का धमाल मचाएंगे। यह पहला मौका होगा, जब छोटी सी उम्र में किसी हिमाचली आवाज को विदेशों में रह रहे देश के लोग लगातार मौका दे रहे हों। पालमपुर में राज्यस्तरीय होली महोत्सव में पहुंचे नितिन ने पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में कहा कि उन्हें जो प्यार देश व विदेश में मिल रहा है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। 

उन्होंने बताया कि उन्हें विदेश में जाने का कुछ समय पहले भी करीब आठ बार मौका मिला है और जल्द ही वह कीनिया, बेस्ट इंडियज, इंग्लैंड सहित कुछ और देशों के दौरे पर जा रहे हैं। अब तक देश व विदेश में 500 से अधिक स्टेज शो कर चुके नितिन की पहचान सबसे पहले सारेगामा व इंडियन आइडल के माध्यम से हुई थी। इसके बाद नितिन ने सफलता की बुलंदियों को छूने का सिलसिला शुरू कर दिया है। संगीत की तरफ रूझान को लेकर उन्होंने बताया कि उनका बचपन से ही संगीत के प्रति शौक था। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के मुबारिकपुर के रहने वाले नितिन ने बताया कि 5 साल की उम्र में उन्हें गांव में ही दुर्गा शक्ति मंदिर जिसे फूलों वाले बाबा का मंदिर भी कहते हैं में गाने का मौका मिला था। वहां उन्होंने भजन के माध्यम से अपनी शुरूआत की। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु इसे पसंद करने लगे। मेरी आवाज के महत्व और मेरी पसंद को मेरे पिता राजेंद्र कुमार व माता शशि वाला ने समझा और मुझे संगीत की शिक्षा के लिए नंगल में मेरे संगीत के गुरु रहे डा. परमहंस आहूजा के पास भेजना शुरू किया। 

करीब 7 साल तक मैंने संगीत की शिक्षा ली। इसके बाद वर्ष 2010 में सबसे पहले मुझे अपनी परफार्मैंस देने का मनाली के विंटर कार्निवाल में मौका मिला। वहां वायस ऑफ हिमालया में मेरी आवाज को पहली जीत मिली। इसके बाद सारेगामापा में मुझे जाने का मौका मिला। इसके बाद इंडियन आइडल-10 के परफार्मर ऑफ द सीजन के लिए चुना गया। नितिन अब तक सूई धागा सहित कई फिल्मों में भी अपनी आवाज का जलबा बिखेर चुके हैं। मंच में उनके द्वारा गाए जाने वाले गानों में तू माने या न माने दिलदारा को सबसे अधिक पसंद किया जाता है। 23 साल के नितिन को कपिल के कामेडी शो में भी जाने का मौका मिल चुका है। नितिन बताते हैं कि जल्द ही सोनी टी.वी. में उनके एक कार्यक्रम की बात चल रही है। यदि यह फाइनल हो जाता है, तो यह उनके जीवन की एक बड़ी उपलब्धि होगी। नितिन के पिता स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं जबकि उनका बड़ा भाई कृषि वि.वि. के वैटर्नरी कॉलेज में शिक्षा प्राप्त कर रहा है।

पालमपुर में मिला था पहली बार कार्यक्रम का मौका

नितिन बताते हैं कि गायकी के क्षेत्र में उन्हें अपना पहला स्टेज शो पालमपुर होली महोत्सव में मिला था। उन्होंने पहली बार वर्ष 2013 में यहां अपना शो किया था। उन्हें इस दौरान काफी पसंद किया गया था। इसके बाद ही उन्हें आगे बढऩे के लिए और प्रोत्साहन मिला। यही कारण है कि इस महोत्सव को वह कभी नहीं भुला पाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News