मनाली-रोहतांग मार्ग पर नेहरू कुंड में भूस्खलन, 5 गांवों का कटा संपर्क

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 12:36 PM (IST)

 

मनाली (ब्यूरो): मनाली-रोहतांग मार्ग पर नेहरू कुंड में भूस्खलन होने से पलचान पंचायत के 5 गांवों का संपर्क कट गया है। लगभग 100 मीटर पहाड़ी खिसक कर नीचे आ गई है। इस मार्ग के बंद हो जाने से सैलानियों की भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस प्वाइंट पर पिछले 3 साल से मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। बी.आर.ओ. द्वारा इस प्वाइंट को नजरअंदाज करने से ग्रामीणों में बी.आर.ओ. के प्रति रोष है। इस भूस्खलन से ग्रामीणों सहित बी.आर.ओ. की भी दिक्कतें बढ़ी हैं। एक ओर बी.आर.ओ. रोहतांग बहाली में पहले ही लेट हो गया है, वहीं दूसरी ओर भारी भूस्खलन होने से बी.आर.ओ. की परेशानियां बढ़ी हैं। नेहरू कुंड से कुलंग तक 2 किलोमीटर सफर जोखिम भरा हो गया है। इससे पहले इस स्थान पर भारी हिमखंड भी गिरे हैं। 

ग्रामीणों चंदरू , नोखू, नोरबू, चंद राम व राम लाल ने बताया कि शाम 4 बजे भारी भू-स्खलन होने से मनाली-पलचान मार्ग बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन से सैलानियों सहित कुलंग, पलचान, रुआड़, कोठी व सलनग के ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ी हैं। एस.डी.एम. मनाली अश्विनी कुमार ने बताया कि बी.आर.ओ. को सड़क बहाली के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सड़क को बहाल करवा दिया जाएगा। एस.डी.एम. ने लोगों से आग्रह किया कि हालात सामान्य होने तक नेहरू कुंड से वाया बुरुआ-पलचान मार्ग का रुख करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News