कच्चे मकान में दीए से लगी भीषण आग, मां-बेटी झुलसी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 11:56 AM (IST)

फिरोजपुर झिरका: खंड के गांव बीवां में देर रात एक बीपीएल परिवार के कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में जहां घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया, वहीं इस दौरान एक 4 साल की बच्ची और उसकी मां आग से झुलस गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने उनके घर में लगी आग के कारणों के पीछे रात में घर में दीया छोड़ देने की वजह बताया है। इस क्रम में पीड़ित परिवार की ओर से फिरोजपुर झिरका के उपमंडल अधिकारी नागरिक रीगन कुमार को पत्र देकर मुआवजे की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार उपमंडल के बीवां के साकिर पुत्र अलाबक्स ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे उनके कच्चे मकान में दीपक की लौ से आग लग गई। आग लगने के समय घर में उसके पांच बच्चे व उनकी पत्नी मौजूद थी। आग लगने के कारणों का इतने वो लोग पता लगाते, इतने में पूरे मकान में भयंकर आग लग गई। आगजनी की घटना में उनकी पत्नी जुबेदा व चार साल की बेटी वजना बुरी तरह झुलस गई।

फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। पीड़ित ने बताया कि उनके घर में आग लगने से घर में रखा गेहंू, कपड़े, बर्तन और कुछ नकद रुपयों सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित ने बताया कि वो बीपीएल परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें सरकार की ओर से बीपीएल प्लाट मिला था। उसी पर वे घर बनाकर रह रहे थे। लेकिन आगजनी की घटना में सब कुछ बर्बाद हो गया। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि अब उसके सामने अचानक से परिवार का गुजारा करने का संकट आ गया है। ऐसे में वो अब क्या करे कहां जाए उसकी समझ में कुछ नहीं आ रहा है। पीड़ित परिवार ने सरकार एवं प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की गुहार लगाई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static