देश संकट में है, इस चुनाव में आप अपने बच्चों के भविष्य के लिए मतदान कीजिएः प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 04:43 PM (IST)

प्रयागराजः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने 4 दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंची। यहां उन्होंने बोट के जरिए यात्रा की। इस दौरान उन्होंने कई जगह नुक्कड़ जनसभाएं भी की। अपने संबोधन में प्रियंका ने नाम लिए बगैर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश संकट में है। देश चार पांच लोगों के हाथ में गिरवी है। इस चुनाव में आप अपने और बच्चों के भविष्य के लिए मतदान कीजिए। कांग्रेस की सरकार को याद करें। कांग्रेस को वोट करके राहुल गांधी के हाथ को मजबूत कीजिए।

प्रियंका ने लोगों में जोश भरते हुए कहा कि सरकार बदलने के लिए चुनाव हो रहा है। आपका भविष्य बदलने के लिए चुनाव हो रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप भी जड़ते हुए लोगों से पूछा कि आपके पास रोजगार है क्या? नौजवान और किसान परेशान हैं। बेमतलब के मुद्दों में उलझाया जा रहा है। जनता के लिए राजनीति होनी चाहिए। जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए। आवाज उठाने वालों को डराया जाता है। प्रियंका गांधी ने कहा कि 45 वर्ष में सबसे कम रोजगार मिला। छह महीने से मनरेगा का पैसा नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का बाजिब दाम मिलना चाहिए। युवाओं को रोजगार चाहिए। महिलाओं को सुरक्षा चाहिए। यह सभी बड़े चुनावी मुद्दे हैं, लेकिन इन मुद्दों से भटकाया जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई तो 10 दिनों में किसानों के कर्ज माफ कर दिए गए। राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार आते ही किसानों को राहत दी गई। उनका कर्ज माफ किया गया। उन्होंने अपील की है कि सोच समझकर उम्मीदवार चुने।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static