दोहरे हत्याकांड में जमानत पर आए युवक पर चलाई गोलियां (VIDEO)

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 11:57 AM (IST)

यमुनानगर (सतीश): रविवार सुबह बैंक कालोनी में रहने वाले दोहरे हत्याकांड में जमानत पर आए दीपक उर्फ बग्गा पर उसी के कालोनी के 4 युवकों ने 3 गोलियां दाग दी। जब दीपक की मां प्रवीण उसे छुड़ाने पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी घायल कर दिया। दोनों मां-बेटा एक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। सूचना मिलते ही गांधी नगर चौकी इंचार्ज मेहर लाल, फर्कपुर थाना प्रभारी दिनेश चौहान, सी.आई.ए.-2 इंचार्ज श्रीभगवान यादव व डी.एस.पी. मुख्यालय सुभाष चंद मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक मौके पर चश्मदीदों ने झगड़े की पुष्टि की। किसी ने भी गोली चलने की बात नहीं स्वीकारी और न ही यहां से गोली चलाने के सबूत मिले। ये हाल तब है जब घटना स्थल के नजदीक एक बड़ी मार्कीट है।

शराब खुर्दे को लेकर विवाद की चर्चा 
पुलिस से जुड़े सूत्र व इस कालोनी मे रहने वाले लोगों के मुताबिक ये झगड़ा शराब खुर्दे के चलते हुआ है। घायल व आरोपी पक्ष दोनों इससे जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस को दिए बयान में घायल की मां ने 3 गोली चलाने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक दोनों टांगों में एक-एक गोली व एक गोली बाजू पर गोली मारी गई है, वहीं इस मामले में जब एक्स-रे करवाया गया तो डाक्टर्स को गोली के साक्ष्य नहीं मिले। अब इस मामले में रोहतक से बॉलैस्टिक एक्सपर्ट की राय ली जाएगी। डाक्टरों के मुताबिक ये घाव गोली या फिर नुकीले सुआ-सरिए के हो सकते हैं। 

यह कहा घायल के भाई ने 
घायल के भाई डिम्पल ने कहा कि उनका दूध डेयरी का कारोबार है। उनका भाई दीपक रेहड़ी से गोबर गिराकर लौट रहा था। इस दौरान आरोपियों ने उनके भाई को पीटना शुरू कर दिया और उसे टांग व बाजू पर गोली मार दी। जिन्होंने गोली मारी है उनके बारे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। इसी को लेकर रंजिश रखे हुए थे। इतना ही नहीं वे शराब का खुर्दा भी चलाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static