हरियाणा से दिल्ली में सब्जी सप्लाई पर रोक, कोरोना के डर से खट्टर सरकार ने लिया फैसला

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2020 - 02:43 PM (IST)

नई दिल्ली/डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली (delhi) में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देख  हरियाणा (haryana) की खट्टर सरकार ने फैसला लिया है कि अब हरियाणा से दिल्ली सब्जी नहीं भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने हरियाणा से दिल्ली में सब्जी सप्लाई करने पर रोक लगा दी है। ऐसे हालात में दिल्ली में सब्जियों के दाम बढ़ सकते हैं। 

हरियाणा सरकार को डर है कि दिल्ली से आने-जाने वाले लोगों के कारण हरियाणा में कोरोना का प्रसार होगा। इससे पहले हरियाणा के स्वास्थ्य और गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने दिल्ली के बॉर्डर से अन्य राज्यों में कोरोना संक्रमण प्रसार की बात कही है। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि निकट भविष्य में वो दिल्ली से सटे हरियाणा बॉर्डर को पूरी तरह सील कर आवाजाही बंद करवा सकते हैं। उनका  कहना है कि बॉर्डर के इलाकों में दिल्ली के कारण कोरोना का प्रसार हो रहा है। 
 

'दिल्ली के कर्मचारियों को वहीं रखे केजरीवाल'
अपने काम के कारण प्रतिदिन लोग दिल्ली से हरियाणा के लिए आते जाते हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा है कि वो दिल्ली में काम करने वाले अपने कर्मचारियों के लिए वहीं रहने की व्यवस्था करें। विज का कहना है कि जो लोग दिल्ली अपने काम के कारण रोज जा रहे हैं, उनकी वजह से हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 

बॉर्डर सील करने के आदेश
अनिल विज ने डीजीपी मनोज यादव को आदेश दिया है कि हरियाणा दिल्ली बॉर्डर को पूरी तरह से सील कर दिया जाए। बताया जा रहा है कि हरियाणा के सोनीपत जिले में कई मामले ऐसे सामने आए हैं जिनका सीधा संबंध दिल्ली से है। ऐसे में हरियाणा सरकार अपने राज्य में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठा रही है। 

दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2900 के पार
दिल्ली में रविवार को कोरोना मरीजों की संख्या में अधिक वृद्धि हुई है। यहां 24 घंटे में ही 293 नए संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। दिल्ली में अब कोरोना पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा  2918 पहुंच गया है। वहीं इस दौरान ही 8 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस जा चुके है। मालूम हो कि दिल्ली में स्वस्थ मरीजों की संख्या 877 हो गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Kamini Bisht

Recommended News

Related News