225 फीट लंबा,150 फीट चौड़ा... सेना दिवस पर जैसलमेर में फहराया गया खादी से बना दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 01:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। इसी बीच सेना दिवस के मौके पर शनिवार को राजस्थान के जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर खादी से बना विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित किया गया। यह खादी से बना दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज है। झंडा 225 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा है। सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित लोंगेवाला में यह विशालकाय तिरंगा प्रदर्शित किया जाएगा।

लोंगेवाला सीमा चौकी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में एक ऐतिहासिक जंग की गवाह रही है। इस बयान के मुताबिक, खादी से बना दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज सेना दिवस के अवसर पर जैसलमेर में स्थित सीमा चौकी पर प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि 225 फुट लंबे, 150 फुट चौड़े और करीब 1,400 किलोग्राम वजन वाले इस विशालकाय तिरंगे को प्रदर्शित करने का यह पांचवां सार्वजनिक प्रदर्शन होगा।

झंडे को तैयार करने में लगे 49 दिन
तिरंगा 225 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा है और इसका वजन 1400 किलोग्राम है। इस झंडे को तैयार करने में खादी के 70 कारीगरों को 49 दिनों का समय लगा। स्‍मारक राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण से खादी कारीगरों और श्रमिकों के लिए 3500 घंटे का अतिरिक्त काम मिला है। झंडे को बनाने में 4500 मीटर हाथ से काते और हाथ से बुने हुए खादी के सूती ध्वजपट का इस्तेमाल किया गया है, जो 33, 750 वर्ग फुट के कुल क्षेत्रफल को कवर करता है। ध्वज में अशोक चक्र का व्यास 30 फीट है। 

खादी का यह 5वां तिरंगा फहराया गया
बता दें कि, इससे पहले 2 अक्टूबर 2021 को लेह में तिरंगे का अनावरण किया गया था। इसके बाद खादी द्वारा सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए बनाया गया यह 5वां ध्वज है। दूसरा तिरंगा 8 अक्टूबर 2021 को वायु सेना दिवस के अवसर पर हिंडन एयरबेस पर और 21 अक्टूबर 2021 को लाल किले पर प्रदर्शित किया गया था। 4 दिसंबर 2021 को नौसेना दिवस मनाने के लिए मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास नौसेना डॉकयार्ड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। इस तिरंगे को खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत तैयार किया गया है।  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News