''पति की तबीयत खराब है'' कहकर बुलाया, फिर सुनसान बंगले में महिला के साथ...
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 11:24 AM (IST)
जाजपुर : ओडिशा के जाजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 32 वर्षीय एक महिला को उसके पति की बीमारी का झूठा झांसा देकर बुलाया गया और फिर एक सुनसान बंगले में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता को आरोपियों में से एक व्यक्ति पहले से जानता था। उसने महिला को फोन कर झूठ बोला कि उसके पति की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और वह चंडीखोल में है। पति की फिक्र में महिला मंगलवार शाम करीब 7 बजे बस पकड़कर तुरंत चंडीखोल पहुंची।
वहां आरोपी उसे मदद के बहाने चंडी मंदिर के पास एक सुनसान बंगले में ले गया। कुछ ही देर में आरोपी का एक दूसरा दोस्त भी वहां पहुंच गया। दोनों ने शराब पी और नशे में धुत होकर महिला के साथ दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्ली में बदला मौसम का मिज़ाज, सुबह दर्ज हुआ सामान्य से कम तापमान
वारदात के बाद पीड़िता ने कलिंगनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बड़चना और जेनापुर इलाकों में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं पीड़िता का इस समय सुकिंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
