उत्तर भारत में सर्दी बढ़ी, दक्षिणी राज्यों में 1 दिसंबर से भारी बारिश की आशंका

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2020 - 12:09 AM (IST)

नई दिल्लीः उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी पड़ रही है और कश्मीर के विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में शनिवार को पारा शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से भारी बारिश हो सकती है। आंध्रप्रदेश के चित्तूर और कडपा जिलों में चक्रवात ‘निवार' की वजह से हुई भारी बारिश और इस वजह से आई बाढ़ के कारण पिछले तीन दिनों में आठ लोगों की मौत हो गई है। राज्य सरकार ने शनिवार को बताया कि चित्तूर जिले में छह और कडपा जिले में दो लोगों की मौत हुई है। 
PunjabKesari
मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने मृतकों के निकटतम परिजन को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में वायु गुणवत्ता फिर से ‘खराब श्रेणी' में पहुंच गई है। जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में ठंड पड़ रही है और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने केंद्रशासित प्रदेश के लिए चार दिसंबर तक शुष्क मौसम बने रहने का अनुमान लगाया है। 
PunjabKesari
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से मौसम शुष्क बना हुआ है और यहां पारा एक या दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और वहां पारा शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहा। राज्य की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना रहा और दूरदराज के क्षेत्रों में आंशिक से मध्यम स्तर पर कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और इसके 48 घंटे में गहरे दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने तथा तमिलनाडु तट की तरफ बढ़ने के आसार हैं। इससे दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से भारी बारिश की आशंका है। यह दक्षिणी तमिलनाडु तट पर दो दिसंबर को पहुंच सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News