महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे कई प्रयास: शिवराज सिंह चौहान

punjabkesari.in Saturday, Oct 16, 2021 - 02:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चौहान ने बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र के फोफनार में खंडवा लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह के माध्यम से हम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि महिलाएं कम से कम महीने में दस हजार रुपए की आमदनी जरूर करें। उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी, तो प्रदेश का विकास तेजी से होगा।

किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान भाई-बहनों के श्रम को नमन करते हैं। प्रधानमंत्री किसान सहायता योजना में छह हजार रुपए की राशि में उन्होंने अपनी तरफ से चार हजार रुपए जोड़कर इसे दस हजार रुपए किया है। उन्होंने कहा कि किसान मेहनत करें, उनके श्रम का पूरा सम्मान होगा। किसानों, गरीबों और हर वर्ग का कल्याण हमारा ध्येय है। चौहान ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईएम जैसी उच्च संस्थाओं में प्रवेश मिला, तो उनकी फीस हमारी सरकार भरवायेगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना में केवल सरकारी अस्पताल ही नहीं, प्राइवेट अस्पतालों में भी 5 लाख रुपये तक इलाज की व्यवस्था है।

हर गरीब को रोटी, कपड़ा और मकान के साथ इलाज की समुचित व्यवस्था मिले, इसके लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। श्री चौहान ने विधानसभा बुरहानपुर में आयोजित जनसभा में शक्ति स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर जगत कल्याण एवं मंगल के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर उन्होंने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News