''कौन होगा मणिपुर का नया सीएम, क्यों हो रही नाम के ऐलान में देरी'', भाजपा नेता ने दिया बड़ा बयान

punjabkesari.in Thursday, Mar 17, 2022 - 05:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मणिपुर भाजपा में कोई ‘‘गुटबाजी'' नहीं है और प्रदेश के नेता विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का जश्न मनाने के लिए दिल्ली गए थे। यह बात राज्य के वरिष्ठ विधायक टी. विश्वजीत सिंह ने यहां वापस लौटने पर कही। सिंह ने इंफाल हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नए मुख्यमंत्री की घोषणा में देरी हो रही है क्योंकि अभी संसद का सत्र चल रहा है। इन खबरों पर कि एन बीरेन सिंह को मुख्यमंत्री के रूप में दूसरा कार्यकाल मिल सकता है, उन्होंने कहा कि यह अटकलें हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर भाजपा नेताओं की नयी दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ बैठक हाल ही में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाने के लिए थी।

भाजपा विधायक दल के नेता से संबंधित कोई चर्चा नहीं की गई।'' उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी का संसदीय बोर्ड राज्य विधायक दल के नेता की घोषणा करेगा। घोषणा में देरी हो रही है क्योंकि संसद का सत्र चल रहा है।'' उन्होंने कहा कि प्रदेश इकाई केंद्रीय नेताओं के निर्देशों का पालन करेगी। सिंह को एन बीरेन सिंह के साथ मुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुख दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों नेता चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News