जनसंख्या रिपोर्ट पर क्या है नेताओं की राय, पढें यहां

punjabkesari.in Monday, Jul 11, 2022 - 05:47 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत के अगले साल दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकल जाने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। जनसंख्या पर यूएन की रिपोर्ट को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़े, लेकिन जनसांख्यिकी असंतुलन की स्थिति भी न पैदा हो पाए। 

योगी ने कहा, “जब हम परिवार नियोजन/जनसंख्या स्थिरीकरण की बात करते हैं तो हमें ध्यान में रखना होगा कि जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़े, लेकिन जनसांख्यिकी असंतुलन की स्थिति भी न पैदा होने पाए।” उन्होंने कहा, “हम सभी जानते हैं कि बीते पांच वर्षों से देशभर में जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। एक निश्चित पैमाने पर जनसंख्या समाज की उपलब्धि भी है, लेकिन यह उपलब्धि तभी है, जब समाज स्वस्थ व आरोग्यता की स्थिति को प्राप्त कर सके।”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश की आबादी के ‘सुरसा' के मुंह की तरह बढ़ने की बात कहते हुए इसे नियंत्रित करने के लिए कड़े कानून की फिर से वकालत की। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने एक वीडियो बयान जारी किया और इसे ट्विटर पर साझा किया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि समय की मांग है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक ‘कड़ा कानून' बने, जो ‘‘पूरे देश में और सभी धर्म के लोगों पर लागू हो।'' भाजपा नेता ने कहा, ‘‘इस तरह के कानून की मांग संसद से सड़क तक उठानी चाहिए।'' सिंह की टिप्पणी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचार के बिल्कुल विपरीत है, जिनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की सबसे बड़ी सहयोगी है। कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानूनी रास्ता अपनाए जाने के कदम को अस्वीकार किया है और बिहार का हवाला दिया है, जहां महिलाओं की शिक्षा में वृद्धि के साथ प्रजनन दर में गिरावट देखी गई है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा प्रदेश है और आशा बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत समिति सहित अन्य प्रतिनिधिगण व शिक्षकगण स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम को और बेहतरीन तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की सलाह भी दी। मुख्यमंत्री ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई दी। कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र सहित कई अन्य हस्तियां मौजूद थीं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News