एक क्लिक में जानें साल 2020 में देश दुनिया में क्या कुछ नया होगा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 01, 2020 - 06:26 PM (IST)

नई दिल्ली: एक और साल बीत गया और देखते-देखते 21वीं सदी ने 20वें बरस में प्रवेश कर लिया। इस साल देश और दुनिया में कई बड़ी घटनाएं होंगी। आइए एक नजर डालते हैं इस साल 2020 में देश-दुनिया में क्या-क्या नया होगा। 


दुनिया की नज़रें रहेगीं जी-7 समुह
जी-7 का यह 46वां शिखर सम्मेलन संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित किया जाएगा। वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिये बनाए गए इस समुह में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं। पहले यह समुह जी-8 कहलाता था। रूस को वर्ष 2014 में क्रीमिया विवाद के बाद सदस्यता से निष्कासित कर दिये जाने के बाद यह जी-7 कहा जाने लगा। समिट की मेज़बानी करने वाला देश आमतौर पर इसमें भाग लेने के लिये जी-7 के बाहर के गणमान्य लोगों को आमंत्रित करता है। पिछली बार भारत को फ्रांस द्वारा शिखर सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस बार रूस को बुलाने पर विचार कर रहा है।
 

परमाणु हमले में बची दो इमारतों को गिराएगा जापान
जापान हिरोशिमा शहर में उन दो इमारतों को गिराने की योजना बना रहा है जो 1945 के परमाणु हमलों के दौरान बच गई थी। 1913 की इन दोनों इमारतों का पहली बार इस्तेमाल सेना के कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री के रूप में किया गया था। इसके बाद इनको हॉस्टल बना दिया गया, जहां यूनिवर्सिटी के छात्र रहते थे। वहीं परमाणु हमलों के बाद इनका इस्तेमाल एक अस्थायी अस्पताल के रूप में भी किया गया था। हालांकि कुछ लोग इन दोनों इमारतों को ऐतिहासिक स्थल के रूप में बचाए रखना चाहते हैं। इन परमाणु बम हमलों में करीब 80 हज़ार लोग मारे गए थे और करीब 35 हज़ार लोग घायल हुए थे।


ओलम्पिक 2020 में रहेगी पदक जीतने की होड़
24 जुलाई से 9 अगस्त तक दुनिया के सबसे बड़े खेल महोत्सव का आयोजन जापान के टोक्यो में किया जा रहा है। पहली बार ओलंपिक कमेटी ने 5 नए खेलों को शामिल करने का फ़ैसला किया है। इनमें बेसबॉल/सॉफ़्टबॉल, कराटे, स्केटबोर्ड, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फ़िंग शामिल हैं। टोक्यो ओलंपिक की तैयारी अंतिम चरण में है और इसके लिए मुख्य स्टेडियम भी बनकर तैयार हो गया है। इस मुख्य स्टेडियम को बनाने में 87 प्रतिशत लकड़ी का इस्तेमाल हुआ है। यानी 2000 घन मीटर देवदार की लकड़ी इस्तेमाल की गई है। यह लकड़ी जापान के उन 47 प्रांत के जंगलों से लाई गई, जो 2011 में आई सुनामी से तबाह हो गए थे। इस खेल के महाकुंभ में दुनिया भर के खिलाड़ी पदक जीतने के लिए अपनी ताकत लगाएंगे।


भारत में आएगी हाइपरलूप तकनीक, हैलीकॉप्टर से 3 गुना तेज होगी स्पीड
हाइपरलूप एक कैप्सूल रूपी चुंबकीय ट्रेन है जो 1000-1300 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से दौड़ सकती है। कई विकसित देशों के साथ भारत में भी इस परियोजना पर काम शुरू हो गया है। भारत में मुंबई और पुणे के बीच इसको चलाने की तैयारी है। इसके लिये अग्रणी कंपनी ‘ वर्जिन हाइपरलूप वन’ के साथ समझौता भी हो गया है।
 

NEET UG 2020 की परीक्षा में होंगे बड़े बदलाव
NEET 2019 में कई गड़बड़ियों की खबर मिलने के बाद इस बार परीक्षा में कुछ जरूरी बदलाव किए जाएंगे। नीट 2020 का आयोजन हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 11 भाषाओं में किया जाएगा। इस बार नीट परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी होगी। यह परीक्षा ओएमआर शीट आधारित होगी। नीट के स्कोर को परसेंटाइल स्कोर के रूप में बदलकर सार्वजनिक किया जाएगा।
 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी का प्रभाव बढ़ेगा  
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी (एआई) का इस साल काफी प्रभाव बढ़ेगा। उम्मीद है कि इस वर्ष यह तकनीक हमारे जीवन जीने के तरीके, काम और खेल पर अपना असर दिखायेगी। हालांकि यह असर शुरुआती स्तर का होगा। एआई का अर्थ वैसे कंप्यूटर सिस्टम से है, जो मानव बुद्धि की नकल करने और तस्वीर, आवाज या नमूनों की पहचान करने के साथ ही निर्णय लेने में भी सक्षम होता है।


अंडर 19 वर्ल्ड कप में युवाओं पर रहेगी नजर
साउथ अफ्रीका में आयोजित होने वाले आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपना खिताब बचाने के लिए मैदान में उतरेगी। 17 जनवरी से शुरू हो रहे  अंडर 19 वर्ल्ड कप में इस बार 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। जिन्हें चार ग्रुप में रखा गया है। टूर्नामेंट में नाइजीरिया और जापान की टीमें पहली बार हिस्सा ले रही हैं। इस विश्व कप में एक बार भविष्य के सितारों पर नजर रहेगी।  

पहला मानवयुक्त मिशन गगनयान
चंद्रयान-2 के बाद इसरो और भारतीय वायुसेना गगनयान मिशन की तैयारी में जुट गए हैं। इस मिशन के जरिए इसरो 2022 तक पहली बार इंसान को अंतरिक्ष में भेजेगा और उन्हें वहां से वापस लेकर आएगा। इस मिशन पर 10 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। अंतरिक्ष यात्री विभिन्न प्रकार के माइक्रो-ग्रैविटी टेस्ट को अंजाम देंगे। इसरो 2020 में दर्जनों सैटलाइट मिशन लॉन्च करने के साथ ही मिशन गगनयान के लिए टेस्ट फ्लाइट लॉन्च करेगा। मिशन गगनयान के लिए टेस्ट फ्लाइट का फिलहाल नाम तय नहीं किया गया है। इस मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन के लिए चयनित भारतीय गगनयात्री 2020 में रूस के गागरिन कॉस्मोनॉट प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण लेना शुरू करेंगे।  


टी 20 वर्ल्डकप 2020 ऑस्ट्रेलिया में होगा आयोजित
7वां पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2020 ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होगा। पहली बार यह टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया में जा रहा है। पांच हफ्ते चलने वाला यह टूर्नामेंट 18 अक्टूबर से 15 नवंबर 2020 तक खेला जाएगा। उम्मीद है कि इस बार विराट की टीम 13 साल का सूखा खत्म कर एक बार फिर टी-20 वर्ल्ड कप पर अपना कब्जा जमाएगी।


बिना हॉलमार्क के नहीं मिलेगी सोने की ज्वैलरी
सोने की कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने स्वर्ण आभूषणों के लिए हॉल मार्किंग को अनिवार्य कर दिया है। अब बिना हॉल मार्क गोल्ड जूलरी बेचने पर कम से कम 1 लाख का जुर्माना या वैल्यू का पांच गुना देना जुर्माना देना होगा। फिलहाल देश के 234 जिलों में 877 हॉल मार्किंग सेंटर है, जहां करीब 26019 ज्वेलर बीआईएस का लाभ उठा रहे हैं।
 

फरवरी 2020 में आएगी एड्स की दवा
एचआईवी एड्स पीड़ितों के इलाज के लिए फरवरी 2020 में नई दवा आ जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एड्स पीड़ित इलाज के लिए एक नई दवा शुरू करने की योजना बनाई है। इस खास दवा का नाम है डॉल्यूटग्रेवियर बताया जा रहा है।अभी तक डॉक्टर टीएलई कॉम्‍बीनेशन दवाओं का उपयोग करते आए हैं। लेकिन अब, स्वास्थ्य मंत्रालय ने TLDB कॉम्‍बीनेशन दवाओं का उपयोग करने का फैसला किया है। इस दवा के साइड इफेक्ट कम हैं और सहनशक्ति बेहतर है।


मिडिल क्लास के लिए खुशखबरी, घट सकता है इनकम टैक्स
2020 में मोदी सरकार मिडिल क्लास को इनकम टैक्स में बढ़ी राहत दे सकती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण फरवरी 2020 को बजट प्रस्ताव में कर की दर को कम करने की घोषणा कर सकती हैं। सूत्रों के की मानें तो बजट 2020-2021 प्री-इलेक्शन अंतरिम बजट में निम्न और मध्यम आय वर्ग के वेतनभोगियों के लिए व्यक्तिगत आयकर दरों में बदलाव हो सकता है। 


एक देश, एक राशन कार्ड 
एक देश एक राशन कार्ड योजना के तहत 1 जून 2020 से कोई भी राशनकार्ड धारक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून (एनएफएसए) के तहत किसी भी राज्य की राशन की दुकान से अपना राशन ले सकेगा। अब तक 14 राज्यों में पीओएस मशीन की सुविधा शुरू हो चुकी है। जल्द ही अन्य राज्यों में यह इसे शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले तक जिस वॉर्ड या पंचायत से राशन कार्ड बना होता था, वहीं के सरकारी राशन की दुकान से राशन खरीदा जा सकता था। अगले साल 1 जून से यह योजना देशभर में लागू होगी। इस योजना से आम लोगों को फायदा मिलेगा। इसके बाद लोग अब किसी खास दुकान से बंधे नहीं रहेंगे और वे कहीं भी राशन ले पाएंगे।

Truecaller बनेगा सुपर ऐप, कर्ज ही कराएगी उपलब्ध
स्मार्टफोन पर कॉलर आईडी की सुविधा देने वाली कंपनी ट्रूकॉलर अब कर्ज भी देगी। ट्रूकॉलर की योजना पूरी तरह से वित्त प्रौद्योगिकी कंपनी बनने की है। ट्रूकॉलर एक ‘सुपर एप’ बन रही है, जिसकी मदद से कंपनी अपने ग्राहकों को बहुत सारी सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

जनगणना 2021 की प्रक्रिया होगी शुरू
2020 में देश की 16वीं और आज़ादी के बाद 8वीं राष्ट्रीय जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार पेपर लैस होने के साथ जनगणना तीन चरणों में की जाएगी। पहले चरण में अप्रैल से सितंबर 2020 तक आवासों की सूची बनाई जाएगी, जबकि आबादी की गणना 9 से 28 फरवरी 2021 के बीच की जाएगी और 1 से 5 मार्च 2021 के बीच पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा।  इस जनगणना में कुल 34 सवाल पूछे जा सकते हैं, जो कि पिछली जनगणना से 5 ज्यादा होंगे। यह जनगणना पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें लोगों से पूछा जाएगा कि उन्हें इंटरनेट का एक्सेस है या नहीं।

क्या फिर होगी डोनाल्ड ट्रंप की वापसी ?
अमेरिका में 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। इस चुनाव पर पूरे विश्व की नजर रहेगी। इस चुनाव में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप फिर से सत्ता में वापसी की कोशिश करेंगे। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव 3 नवंबर 2020 को होगा, जिसमें रिपब्लिक और डेमोक्रेट उम्मीदवार के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News