पहाड़ पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पलटा मौसम, अगले 2 दिन में कड़ाके की सर्दी के आसार

punjabkesari.in Monday, Dec 14, 2020 - 09:53 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के उत्तरी भाग के कई हिस्सों में हिमपात होने के चलते  मैदानी इलाकों में पारा शून्य के नीचे चला गया। राष्ट्रीय राजधानी एवं मध्य प्रदेश समेत देश के कुछ अन्य क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, परिणामस्वरूप दृश्यता घट जाने से यातायात प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीच जाने वाला है।

PunjabKesari
दिल्ली के कई हिस्सों में छाया कोहरा
दिल्ली के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो गई जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आज हवा की दिशा उत्तरपश्चिम होने के साथ तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का पूर्वानुमान है। इस बीच, कश्मीर घाटी में कई मौसम केंद्रों ने रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 7.6 डिग्री नीचे चला गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकरनाग में रात का तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम कार्यालय ने मौसम 20 दिसंबर तक शुष्क रहने और रात के तापमान में गिरावट आने की आशंका प्रकट की है। 

PunjabKesari

कई जगह हुई बारिश
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भाग में छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा हुई जबकि पूर्वी हिस्सा शुष्क रहा। नजीबाबाद में वर्षा हुई। कुछ स्थानों पर घना से लेकर बेहद घना कोहरा छाया रहा। राज्य की राजधानी लखनऊ में न्यूतनम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया जबकि इलाहाबाद में यह 15.4 डिग्री रहा। बांदा में पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढका। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रविवार को कोहरा छाया रहा। अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पठानकोट और भिवानी समेत कई स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। 

PunjabKesari

कोहरे से दृश्यता हुई कम 
पश्चिमी मध्य प्रदेश में रविवार सुबह कोहरा छाया रहा वहीं राज्य के कई भागों में रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि अरब सागर में बनी चक्रवात की स्थिति के कारण मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिनों से हल्की बारिश जारी है। उन्होंने कहा कि भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, शाजापुर, राजगढ़ एवं उज्जैन सहित पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई इलाकों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई। वहीं राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर रविवार को अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को राज्य के उत्तर पश्चिम इलाकों गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। चूरू में सबसे कम दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई वहीं गंगानगर में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई। गंगानगर में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री और न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News