Manipur Election Phase 1: मणिपुर में 38 सीटों पर मतदान खत्म, कई दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद

punjabkesari.in Monday, Feb 28, 2022 - 04:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मणिपुर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के लिए मतदान सुबह 7 से शाम 4 बजे तक हुआ। मणिपुर में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं और पहले चरण में आज 38 सीटों पर मतदान हुआ। मणिपुर में मतदान के दौरान किसी हिंसक घटना या झड़प की कोई खबर नहीं आई।

 

कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर 
पहले चरण में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह (हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र), विधानसभा अध्यक्ष वाई खेमचंद (सिंगजामेई) और उप मुख्यमंत्री वाई. जॉयकुमार (उरीपोक) से किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा इस चरण में कई और प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के भी भाग्य का फैसला होगा। राज्य के लगभग 80 प्रतिशत घाटी क्षेत्र और 20 प्रतिशत पहाड़ी क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। बीरेन सिंह और खेमचंद भाजपा उम्मीदवार के तौर पर तथा जॉयकुमार नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में हैं।

 

पहले चरण में राज्य के 1721 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 173 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें से 15 महिलाएं हैं। महत्वपूर्ण महिला प्रत्याशियों में कांगपोकपी से एन. बीरेन कैबिनेट में समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री नेमचा किपगेन (भाजपा) और पटसोई से पूर्व मंत्री अकोइजम मीराबाई (कांग्रेस) शामिल हैं। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सभी 38 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने वाम दलों और जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन कर 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और शेष तीन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने सहयोगियों का समर्थन कर रही है। जद (यूनाइटेड) 28 सीटों पर दौड़ में है, जबकि एनपीपी के दो उम्मीदवार हैं। 

 

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात
पहले चरण में आज 6,29,276 महिला मतदाताओं सहित कुल 12,22,713 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। निर्वाचन अधिकारियों ने कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने सभी 38 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। वहीं 9,895 मतदान कर्मी निर्धारित 1,721 मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। बता दें कि राज्य में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में आज जहां राज्य में विधानसभा की 38 सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं शेष बची 22 सीटों पर 5 मार्च को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News