मोस्टवांटेड विकास दुबे ही नहीं बहुत से बदमाश UP में चलाते हैं अपनी सत्ता

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2020 - 10:26 AM (IST)

नई दिल्ली(नवोदय टाइम्स): दो जुलाई की रात 8 पुलिस वालों की हत्या और बिकरू कांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे यूपी का अकेला कुख्यात गुंडा नहीं जो पुलिस को चकमा देकर फरार है। यूपी में ऐसे कई बड़े बदमाश हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे हैं। इनमें से पांच बड़े बदमाशों के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं, इनकी दहशत पूरे इलाके में रहती है। नेता इनसे अपने काम निकलवाते हैं, पुलिस से भी इन्हें संरक्षण मिलता रहता है, जिसके दम पर ये बड़े से बड़ा अपराध बेहिचक करते हैं -

इनका रुतबा चलता है जेल से

सुनील राठी
पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या का आरोपी और एक लाख का इनामी कुख्यात सुनील राठी इन दिनों जेल में बंद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अपराध जगत में सुनील राठी का नाम बड़ा है। बताया जाता है कि अपने पिता की हत्या कर उसने जुर्म की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद एक-एक करके चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद लोग सुनील के नाम से भी डरने लगे। उसकी मां पिछले विधानसभा चुनाव में बीएसपी के टिकट पर छपरौली विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

योगेश भदौड़ा
बड़ौत की पूर्व ब्लाक प्रमुख अनीता बरखा के ससुर बीरबल निवासी वाजिदपुर की हत्या के केस के आरोपी हिस्ट्रीशीटर योगेश भदौड़ा भी मेरठ जेल में बंद है। सरकार द्वारा अपराधियों की लिस्ट जारी की गई जिनके खिलाफ कार्रवाई होनी है। मेरठ जनपद में इन कुख्यात उधम सिंह और योगेश भदौड़ा के नाम भी लिस्ट में शामिल हैं।

भूपेंद्र बाफर
कुख्यात भूपेंद्र बाफर का गैंग भी पश्चिमी यूपी के जिलों में बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम देता रहा है। कुख्यात भूपेंद्र अपने गैंग के साथियों से वारदात कराता है। कुछ समय पहले भी कुख्यात भूपेंद्र बाफर ने वीडियो कॉल करके अपने गैंग को एक्टिव किया था। कुख्यात भूपेंद्र बाफर फिलहाल आजमगढ़ जेल में बंद है।

उधम सिंह
कुख्यात उधम सिंह इन दिनों मेरठ जेल में बंद है। कुख्यात उधम सिंह के खिलाफ लूट, डकैती सहित कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक, उधम सिंह के गैंग ने भी संजीव जीवा की तरह पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वांचल में भी अपने पैर जमा लिए हैं। पूर्वाचंल में भी उधम सिंह का गैंग दबदबा कायम कर रहा है। उधम सिंह ने पश्चिमी यूपी में सुशील मूंछ से टूटे शूटर भी उधम सिंह के गैंग से जुड़ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News