उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कर्नाटक की तीन दिवसीय यात्रा की रद्द

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 01:19 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कर्नाटक की अपनी तीन दिवसीय यात्रा रद्द कर दी है। इस यात्रा के दौरान उनका 15 जनवरी को चिक्कबल्लापुरा में ईशा फाउंडेशन की ‘‘आदियोगी'' प्रतिमा का अनावरण का भी कार्यक्रम था। उप राष्ट्रपति को 14 जनवरी को यहां आना था और 16 जनवरी को उनके लौटने का कार्यक्रम था।

शुक्रवार को राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ‘‘अपरिहार्य कारणों'' से धनखड़ की यात्रा रद्द कर दी गई है। आदियोगी प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही उपराष्ट्रपति का बेंगलुरु में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में नए प्रबंधन विकास केंद्र (एमडीसी) का उद्घाटन करने का भी कार्यक्रम था। इससे पहले दिन में, कर्नाटक उच्च न्यायालय ने चिक्कबल्लापुरा जिले में 15 जनवरी को ईशा योग केंद्र की आदियोगी प्रतिमा का अनावरण करने की अनुमति दी।

हालांकि, उच्च न्यायालय ने उस स्थल पर निर्माण गतिविधियों को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। न्यायालय ने 11 जनवरी को निर्माण के खिलाफ दायर एक जनहित याचिका पर यथास्थिति बनाये रखने का आदेश दिया था। एक जनहित याचिका में आरोप लगाया गया था कि इसने (ईशा योग केंद्र) वनों और भूमि अधिग्रहण से संबंधित विभिन्न नियमों और कानूनों का उल्लंघन किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News