झारखंड: भाजपा नेता राजेंद्र महतो की गोली मारकर हत्या

punjabkesari.in Sunday, Oct 29, 2017 - 05:59 PM (IST)

खूंटी (झारखंड): खूंटी जिले के डरला गांव में अज्ञात हमलावरों ने भाजपा के एक स्थानीय नेता की गोलीमार कर हत्या कर दी। इन हमलावरों में से एक को पकड़ लिया गया। स्थानीय लोगों ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। उप संभागीय पुलिस अधिकारी रणवीर सिंह ने रविवार को बताया कि शनिवार रात राजेन्द्र महतो की उनके आवास के पास तीन लोगों ने साथ नहीं चलने पर गोली मार कर हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने हमलावरों में से एक पकड़ लिया और पीट-पीट कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इनमें से दो हमलावर फरार होने में सफल रहे। सिंह ने बताया कि हत्या से कुछ देर पहले नौ लोगों ने महतो को अगवा करने का प्रयास किया लेकिन वह बच निकलने में सफल रहे और वापस घर लौट आए।

खूंटी के भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो ने बताया कि राजेन्द्र महतो पार्टी के डरला बूथ समुदाय के अध्यक्ष होने के साथ-साथ मुरहू प्रखंड के किसान और ओबीसी प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष थे। पुलिस ने बताया कि अपराधियों की पहचान और हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।
 

सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो पिस्तौल और अपराध में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद की है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News