VIP लोगों की सुरक्षा नहीं घटाई जाएगी: नायडू

punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2017 - 04:28 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने आज कहा कि सरकार की अति विशिष्ट लोगों की सुरक्षा में कटौती करने की कोई योजना नहीं है। उनका यह बयान सरकार द्वारा एम्बुलेंस एवं दमकल जैसे आपात वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों पर लाल बत्ती के प्रयोग पर रोक लगाने के फैसले के एक दिन बाद आया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री नायडू ने बताया, ‘सुरक्षा के संदर्भ में यह देशहित के लिए जरूरी है, क्योंकि महत्वपूर्ण लोगों को सुरक्षित रखा जाना चाहिए। वैसे कोई अलग से तरजीही व्यवहार नहीं है।’ वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने के केंद्र के निर्णय के बारे में उन्होंने कहा, ‘हर व्यक्ति वीआईपी है और यही हमारी सरकार का दर्शन है।’ भले ही यह एक छोटी पहल हो किंतु इससे यह संदेश गया है कि प्रत्येक व्यक्ति के साथ बराबरी का व्यवहार किया जाना चाहिए। 

उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकारें भी लाल बत्ती का प्रयोग त्यागेंगी अन्यथा उन्हें लोगों के गुस्सा का शिकार होना पड़ेगा। रामजन्मभूमि बाबरी मस्जिद विवाद पर प्रश्न किए जाने पर नायडू ने कहा कि मामला पिछले कई सालों से चल रहा है तथा इसमें कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने इस बारे में कुछ भी विस्तार से नहीं कहा कि भाजपा के बारे में बाबरी मस्जिद ढहाने के मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश का क्या प्रभाव होगा। बता दें कि उच्चतम न्यायालय ने कल सीबीआई के उस अनुरोध को स्वीकार कर लिया था कि बाबरी मस्जिद ढहाने के मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती पर आपराधिक साजिश के आरोप बहाल किए जाएं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News