हज यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अगले साल इतने लाख भारतीय मुसलमान कर सकेंगे यात्रा

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 06:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हज कमेटी ऑफ इंडिया (एचसीओआई) ने हज 2023 के लिए बड़ा फैसला लिया है। एचसीओआई के फैसले के अनुसार अगले साल भारत से करीब दो लाख तीर्थयात्रियों को हज जाने की अनुमति दी जाएगी। हज का कोटा बढ़ने से जम्मू-कश्मीर के तीर्थयात्रियों की संख्या अब पिछले वर्षों की तुलना में अधिक होगी। इस संबंध में जल्दी ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी। ऐसा पहली बार होगा कि दो लाख भारतीय मुसलमान हज की यात्रा करेंगे। 

हज कमेटी ऑफ इंडिया के सदस्य एर एजाज हुसैन ने कहा कि, 'इस बार हज कोटा बढ़ा दिया गया है और वर्ष 2023 के लिए दो लाख तीर्थयात्री पवित्र तीर्थयात्रा करेंगे। हज 2023 में महिला तीर्थयात्रियों पर विशेष फोकस रहेगा।' हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सऊदी अरब सरकार के हज मंत्रालय के साथ गहन परामर्श करने के बाद निर्णय लिया है। 

खामियों को दूर करने के लिए रणनीति बनाई गई
हज कमेटी ऑफ इंडिया के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि मुंबई और नई दिल्ली में सिलसिलेवार बैठकों के बाद मंथन सत्र हुए, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से तीर्थयात्रियों द्धारा लिए गए फीडबैक पर चर्चा की गई और खामियों को दूर करने के लिए रणनीति बनाई गई। आगामी हज में तीर्थयात्रियों को अधिक कुशल तरीके से सुविधा प्रदान की जाएगी।

पवित्र जल लाने की भी अनुमति 
सूत्रों ने कहा कि हज 2023 में तीर्थयात्रियों को बिना किसी परेशानी के 'जम जम' नामक पवित्र जल लाने की भी अनुमति होगी। “प्रत्येक तीर्थयात्री को 5 किलो ज़म ज़म लाने की अनुमति होगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया हर हाजी को जम जम पानी मुहैया कराने की प्रक्रिया को पूरी तरह सुगम करेगी। कोरोना महामारी के चलते हज यात्रा करीब दो साल तक बंद रही। कोरोना नियमों के साथ साल 2022 में हज यात्रा को फिर से शुरू किया गया। इस साल केवल 80 हजार मुसलमानों ने हज किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News