त्रिपुरा: कांग्रेस अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास पर हमला, अस्पताल में भर्ती कराए गए

punjabkesari.in Sunday, Jan 17, 2021 - 06:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः त्रिपुरा के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास पर हमला हुआ है। उनकी गाड़ी के शीशें फोड़ डाले गए है। कांग्रेस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर इस हमले का आरोप लगाया है। पीयूष कांति की गाड़ी पर यह हमला त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के बिसालघर इलाके में हुआ है। विश्वास पर रविवार को हुए हमले में उनका वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छह लोगों को गंभीर चोटें आई। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा-आईपीएफटी सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया। इस हमले के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष तापस डे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा अपने कुशासन के कारण जमीन खो देने के बाद गुटबाजी से त्रस्त हो गयी है और कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला विशालगढ़ में नाबादल बानिक की ताकत दिखाने के लिए किया गया। दुर्भाग्य से सच जानने और हमले की योजना पता चलने के बावजूद पुलिस ने इसे रोकने का कोई उपाय नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए गंतव्य तक पहुंचने से रोक दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा में आंतरिक कलह और मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव के खिलाफ बड़े पैमाने पर असंतोष के कारण, प्रशासन का कामकाज शून्य हो गया है, सभी विकास बंद हो गए हैं और पूरा राज्य माफियाओं के शासन में आ गया है। अपराधियों और माफियाओं को मुख्यमंत्री के संरक्षण के कारण पुलिस असहाय हो गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘आज की घटना भी पुलिस की मौजूदगी में हुई लेकिन वे उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं कर रहे थे। बदमाशों ने दिन के उजाले में सड़क पर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और श्री विश्वास और पार्टी के नेताओं पर पुलिस की मौजूदगी में हमला किया।

कांग्रेस अध्यक्ष पर हमले, कानून और व्यवस्था बिगड़ने, बेरोजगारी और राज्य सरकार की अपने चुनावी वादों का पालन करने में विफलता के विरोध में कांग्रेस ने त्रिपुरा में 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है और लोगों से आंदोलन में भाग लेने तथा सरकार को कानून के अनुसार काम करने के लिए मजबूर करने का आग्रह किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News