Lunar eclipse 2021: कल लगेगा साल का पहला चंद्रग्रहण, भारत के इन हिस्सों में देगा दिखाई

punjabkesari.in Tuesday, May 25, 2021 - 12:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बुधवार को पूर्ण चंद्रग्रहण होगा लेकिन पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और ओडिशा के तटीय इलाकों तथा अंडमान और निकोबार द्वीप से यह थोड़ी देर के लिए ही नजर आएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तर अमेरिका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अंटार्कटिका, प्रशांत महासागर तथा हिंद महासागर में नजर आएगा। IMD ने कहा कि भारत में पूर्वोत्तर के हिस्सों (सिक्किम को छोड़कर), पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, ओडिशा के कुछ तटीय इलाकों और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में चंद्रोदय के ठीक बाद ग्रहण के आंशिक चरण का समापन कुछ देर के लिए नजर आएगा।

 

ग्रहण का आंशिक चरण दोपहर सवा तीन बजे शुरू होगा और शाम 6 बजकर 23 मिनट पर खत्म होगा जबकि पूर्ण चरण शाम 4 बजकर 39 मिनट पर शुरू होकर शाम चार बजकर 58 मिनट पर खत्म होगा। विभाग के मुताबिक पोर्ट ब्लेयर से ग्रहण को शाम 5  बजकर 38 मिनट से 45 मिनट तक के लिए देखा जा सकता है जो भारत में ग्रहण का सर्वाधिक समय होगा। यह पुरी और मालदा से भी शाम 6 बजकर 21 मिनट से देखा जा सकता है, लेकिन यहां नजारा सिर्फ दो मिनट के लिए दिखेगा।

 

भारत में अगला चंद्र ग्रहण 19 नवंबर को दिखेगा। वो एक आंशिक चंद्रग्रहण होगा। चंद्रोदय के ठीक बाद अरुणाचल प्रदेश और असम के सुदूर पूर्वोत्तर हिस्सों में बेहद कम समय के लिए आंशिक चरण नजर आएगा। चंद्र ग्रहण पूर्णिमा के दिन होता है जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी आ जाती है और जब तीनों एक सीध में होते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News