26/11 की 12वी बरसी और किसानों का हल्ला बोल, आज इन बड़ी खबरों पर रहेगी देश की नजर

punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2020 - 10:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क: आज के दिन देश एक बड़ी घटना का गवाह बना था।  ठीक 12 साल पहले यानी 26 नवंबर 2008 को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई आतंकी हमले से दहल गई थी। इसके अलावा आज राजधानी के लिए भी काफी भारी दिन है। कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसान दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं। वहीं बेहद भीषण चक्रवाती तूफान ‘निवार' के भी आज विराट रूप दिखाने के आशंका है।  इसी तरह की ताजी और बड़ी खबरें हम आप तक पहुंचाते रहेंगे, जिस पर देश और दुनिया की नजर रहेगी:-

 

किसानों का 'दिल्ली चलो' आंदोलन आज
केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। रहे  आंदोलनकारी किसानों के कई संगठनों से संयुक्त मोर्चा बनाकर दिल्ली चलो आंदोलन का आह्वान किया है। किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली प्रशासन अलर्ट पर है और राजधानी की शांति व्यवस्था भंग न हो इसके लिए कई इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के तमाम बॉर्डर सील कर दिए हैं और वहां बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। 

 

मुंबई में 26/11 की 12वीं बरसी
आज 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमले की 12वीं बरसी है। समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने देश की मुंबई में हिंसा और रक्तपात का ऐसा तांडव मचाया था, जिसने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। आतंकियों की गोलाबारी में 18 सुरक्षाकर्मियों समेत 166 लोग मारे गए थे तथा कई लोग घायल हुए थे। इस दौरान एनएसजी और अन्य सुरक्षाबलों ने नौ आतंकवादियों को ढेर कर दिया था तथा अजमल आमिर कसाब नाम के आतंकवादी को जिंदा पकड़ लिया गया था जिसे 21 नवंबर 2012 को फांसी दे दी गई।

 

अहमद पटेल की अंतिम विदाई आज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव पीरामन में दफनाया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पीरामन में पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष रणनीतिकार और संकटमोचक पटेल का कोविड-19 संबंधी परेशानियों से जूझने के बाद बुधवार तड़के गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया था। गुजरात कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने देर शाम वडोदरा हवाई अड्डे पर पहुंचकर पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

 

तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ा चक्रवात निवार
चक्रवाती तूफान 'निवार' तमिलनाडु के तट से टकरा गया। हालांकि इसकी रफ्तार अब थोड़ी कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक इस तूफान की कैटेगरी अब 'बहुत भीषण चक्रवाती तूफान' से 'भीषण चक्रवाती तूफान' हो गई है। इसके साथ चक्रवात की गति भी कम हो गई है। रात 2.30 बजे तक इस चक्रवात की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के मुताबिक ये चक्रवाती तूफान उत्तर और उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता रहेगा और आगे जाकर कमजोर पड़ जाएगा।

 

श्रमिक संगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल आज 
विभिन्न केंद्रीय श्रमिक संगठन आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने जा रहे हैं। संगठन के दावे के अनुसार देश भर में विभिन्न क्षेत्रों के 25 करोड़ से अधिक श्रमिक व कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल में भाग लेने वाले 10 केंद्रीय श्रमिक संगठन इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक), हिंद मजदूर सभा (एचएमएस), सेंटर ऑफ इंडिया ट्रेड यूनियंस (सीटू), ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (एआईयूटीयूसी), ट्रेड यूनियन को-ऑर्डिनेशन सेंटर (टीयूसीसी), सेल्फ-एंप्यॉलयड वीमेंस एसोसिएशंस (सेवा), ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (एआईसीसीटीयू), लेबर प्रोग्रेसिव फेडरेशन (एलपीएफ) और युनाइटेड ट्रेड यूनियन कांग्रेस (यूटीयूसी) हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News