छत्तीसगढ़ : एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने किया आत्मसमर्पण

punjabkesari.in Tuesday, Jun 22, 2021 - 02:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने  यहां बताया कि जिले में तीन नक्सली मिलिशिया कमांडर आयता कोहरामी (29 वर्ष), मिलिशिया सदस्य उईका सोमडू (23 वर्ष) और मिलिशिया सदस्य करटम महेन्द्र (22 वर्ष) ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

 

एक लाख रुपए का रखा था इनाम 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिलिशिया कमांडर आयता कोहरामी के सर पर एक लाख रुपए का इनाम है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने ‘लोन वर्राटू’ (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर तथा माओवादी संगठन की विचारधारा से मोहभंग होने के बाद आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है।

 

इन सभी पर नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोहरामी के खिलाफ सड़क काट कर मार्ग अवरुद्ध करने, बैनर पोस्टर लगाने, नक्सली उईका सोमडू के खिलाफ बारूदी सुरंग लगाने तथा नक्सली करटम महेन्द्र के खिलाफ ग्रामीण की हत्या करने समेत अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

 

अब तक 375 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सक्रिय युवाओं को आत्मसमर्पण कर सम्मान पूर्वक जीवन यापन करने के लिए लोन वर्राटू अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना, शिविरों तथा ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण करने का अनुरोध किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 99 इनामी नक्सली सहित कुल 375 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News