‘एयरो-इंडिया’ में गरजेंगे ये घातक अमेरिकी लड़ाकू विमान, झनझना उठेंगे ड्रैगन के कान

punjabkesari.in Saturday, Feb 04, 2023 - 08:51 PM (IST)

नई दिल्लीः रक्षा क्षेत्र की प्रमुख अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन बेंगलुरु में आगामी ‘एयरो-इंडिया' प्रदर्शनी में अपने एफ-21 लड़ाकू विमान, एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर, एमएच-60आर रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर और टैंक विध्वंसक अस्त्र जेवलिन का प्रदर्शन करेगी। एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस प्रदर्शनी के रूप में जानी जाने वाली ‘एयरो-इंडिया' प्रदर्शनी का 14वां संस्करण 13 से 17 फरवरी तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा।

दुनियाभर की लगभग सभी प्रमुख एयरोस्पेस कंपनियों के वायुसेना स्टेशन, येलहंका में लगभग 35,000 वर्ग मीटर के कुल क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा कि वह एयरो-इंडिया में अपनी उन्नत रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी और प्रदर्शनी में एफ-21 लड़ाकू विमान, सी-130जे परिवहन विमान, एमएच-60आर ‘रोमियो' मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर, एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर आदि शामिल होंगे।

लॉकहीड मार्टिन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विलियम ब्लेयर ने कहा, ‘‘हम अपनी उन्नत क्षमताओं का प्रदर्शन करने और 21वीं सदी के लिए अपने ग्राहकों की सबसे बड़ी चुनौतियों का समाधान करने के लिए एयरो-इंडिया 2023 में भाग लेने को लेकर उत्साहित हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम रणनीतिक सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भरता के लिए भारत में अपनी साझेदारी को मजबूत और विकसित करना जारी रखेंगे।''

ब्लेयर ने कहा, ‘‘हमें भारतीय उद्योग की विनिर्माण और तकनीकी क्षमताओं में पूरा विश्वास है।'' कंपनी ने कहा कि लॉकहीड मार्टिन बूथ पर मुख्य आकर्षण एफ-21 लड़ाकू विमान होंगे। इसने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कार्यक्रम में लॉकहीड मार्टिन की उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान और एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर होंगे, जो दोनों भारतीय रक्षा उद्योग के साथ साझेदारी की एक मजबूत विरासत को दर्शाते हैं।''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News