Weather Update: इस साल केरल में देरी से पहुंचेगा मानसून, हो सकती है 4 दिन की देरी

punjabkesari.in Friday, May 15, 2020 - 01:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केरल के लोगों को इस बार मानसून के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक केरल में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून आने में चार दिन की देरी हो सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि मानसून दक्षिणी राज्य में पांच जून तक आएगा। मौसम विभाग ने बताया कि इस साल केरल में मानसून सामान्य तारीख के मुकाबले कुछ विलंब से आएगा। राज्य में मानसून पांच जून तक आ सकता है।

PunjabKesari

केरल में मानसून आने के साथ देश में चार महीने के बरसात के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो जाती है। आईएमडी ने बुधवार को कहा कि मानसून के बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण के कारण सामान्य तिथि से करीब छह दिन पहले 16 मई के आस-पास अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह पहुंचने की संभावना है।  मानसून आमतौर पर 20 मई के आस-पास अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह पहुंचता है। पिछले महीने इसके वहां पहुंचने की संभावना संबंधी तिथि संशोधित करके 22 मई बताई गई थी। 

PunjabKesari

गर्मी का यह मौसम असाधारण
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि अभी तक सबसे गर्म रहने वाले इलाकों में लू नहीं चली है और देशभर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। गर्मी का यह मौसम असाधारण होने जा रहा है। सामान्य तौर पर मार्च में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी पड़ने लगती है और अप्रैल, मई और जून के पहले तक गर्मी का प्रकोप तब तक बढ़ता है जब तक मानसूनी हवाएं नहीं चलने लगतीं। उत्तर और पूर्वी भारत के मैदानों के अलावा मध्य भारत के विदर्भ मराठवाड़ा, गुजरात, और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को लू प्रभावित क्षेत्र माना जाता है जहां पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला जाता है। पश्चिमी राजस्थान में तो पारा 50 डिग्री तक पहुंच जाता है। लेकिन अबतक तापमान अपने चरम पर नहीं पहुंचा है। इसके उलट एक मई से 11 मई के बीच सामान्य से 25 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News