''PM मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार मिलकर लोकतंत्र खत्म कर रहे'' राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 08:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेलगावी में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए कथित तौर पर बड़ी संख्या में फॉर्म-7 आवेदन दाखिल किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार मिलकर लोकतंत्र खत्म कर रहे हैं, जो 'देशद्रोह' है गांधी ने एक बार फिर कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देकर 'सरकारी गवाह' बनना चाहिए और भविष्य में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह के खिलाफ जांच होगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बेलगावी में 22, 23 और 24 सितंबर को करीब 15,000 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 आवेदन दाखिल किए गए और इनमें मुस्लिम, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, ''पूरा देश वोट चोरी के खिलाफ़ गुस्से में है, मगर फिर भी भाजपा और निर्वाचन आयोग की बेशर्मी देखिए, कैसे खुलेआम वही किए जा रहे हैं।''
गांधी ने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए केंद्रीकृत तरीके से सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है और चुन-चुनकर मतदाताओं के खिलाफ भाजपा और निर्वाचन आयोग के लोगों द्वारा मिलकर स्वचालित तरीके से बड़ी संख्या में फॉर्म-7 दाखिल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मैंने वोट चोरी के इस तरीके का पहले ही पर्दाफाश किया था कि केंद्रीकृत तरीके से सॉफ्टवेयर के जरिये मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं।''
गांधी का कहना है कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के नेता मामले में दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे हैं और ऐसे में सवाल है कि कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कार्यालय प्राथमिकी दर्ज करने से क्यों इनकार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, ''इस तरह से मोदी, शाह और ज्ञानेश मिलकर एसआईआर के जरिये लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। यह देशद्रोह है।'' राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा, "ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देकर सरकारी गवाह बन जाना चाहिए, और मोदी एवं शाह के खिलाफ जांच होनी चाहिए।''
