Weather updates: मार्च में ही गर्मी दिखाने लगी तेवर...दिल्ली में 37 तो राजस्थान में 40 डिग्री तक पहुंचा पारा

punjabkesari.in Monday, Mar 21, 2022 - 11:39 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में अभी से भीषण गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। अभी मार्च का महीना चल रहा है और अभी से दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में इस साल भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। 

 

दिल्ली में पारा 37 डिग्री तक पहुंचा
दिल्ली में सोमवार को सुबह गर्मी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े 8 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 77 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक और इस मौसम में अब तक का अधिकतम तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘खराब' श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह करीब सात बजे 232 दर्ज किया गया।

 

राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री पर पहुंचा
राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राजस्थान के कई इलाके अभी से तपने शुरू हो गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम की ओर से गर्म हवाएं चल रही हैं, जिसका असर पूरे उत्तर भारत के मौसम पर दिखाई दे रहा है। फिलहाल उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत नॉर्थ इंडिया के राज्यों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News