''10वीं की किताबों से नहीं हटाया गया है शहीद भगत सिंह का चैप्‍टर'', कर्नाटक शिक्षा विभाग ने दी सफाई

punjabkesari.in Tuesday, May 17, 2022 - 06:38 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक के शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि दसवीं कक्षा की कन्नड़ की पाठ्यपुस्तकों से क्रांतिकारी भगत सिंह से संबंधित एक अध्याय नहीं हटाया गया है। मंत्री बी सी नागेशे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मीडिया में आ रही ये खबरें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के भाषण को शामिल करने के लिए भगत सिंह के अध्याय को हटा दिया गया है, पूरी तरह गलत है। भगत सिंह का अध्याय नहीं हटाया गया है। हमने केवल हेडगेवार का भाषण जोड़ा है।'' पाठ्यपुस्तक से सरदार भगत सिंह के अध्याय को हटाने की मीडिया रिपोटरं से राजनीतिक जगत में काफी हंगामा खड़ा हो गया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे पर कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट करके कहा कि इस निर्णय को वापस लिया जाना चाहिए क्योंकि इससे प्रतिष्ठित भारतीय स्वतंत्रता सेनानी के बलिदान का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश अपने शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा और भाजपा से पूछा कि ‘उसके लोग' भगत सिंह को इतना नापसंद क्यों करते हैं। सोमवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन और ऑल इंडिया सेव एजुकेशन कमेटी सहित कुछ संगठनों ने दावा किया कि सरकार ने भगत सिंह से संबंधित अध्याय हटा दिया है और  हेडगेवार का भाषण डाला है।

आम आदमी पार्टी ने भी भगत सिंह के अध्याय को हटाने की आलोचना करते हुए इसे ‘शर्मनाक' कृत्य बताया। पार्टी ने ट्वीट करके कहा, ‘‘शर्मनाक। भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक सरकार ने स्कूली किताबों से भगत सिंहजी पर अध्याय हटा दिया। भाजपा शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी से इतनी नफरत क्यों करती है? भाजपा को यह फैसला वापस लेना चाहिए। भारत हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।''

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी ट्वीट किया, ‘‘भाजपा की शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी से नफरत सबके सामने आ गयी है। शहीद-ए-आजम को पढ़कर आज भी युवाओं में देशभक्ति की लहर दौड़ती है, जिन्होंने छोटी-सी उम्र में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर क्रांति की ज्योति जलायी। देशभक्ति की इस भावना से भाजपा की आत्मा डर से कांपती है।''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News