आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना हो शिक्षा का उद्देश्य: मिश्र

punjabkesari.in Saturday, Jan 08, 2022 - 06:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र ने शनिवार को कहा कि शिक्षा का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना होना चाहिए। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो व्यक्ति को शिक्षित बनाने के साथ आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सके। उनका कहना था कि विश्वविद्यालयों में ऐसे युवा तैयार करने चाहिए जो उद्यमिता के क्षेत्र में वैश्विक चुनौतियों का सामना करते हुए देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा सकें। मिश्र ने कहा कि नई शिक्षा नीति में शिक्षा में वैचारिक नवाचारों के साथ कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर इस तरह की शोध परियोजनाओं पर कार्य किया जाए जिनसे स्थानीय संसाधनों के अधिकाधिक उपयोग के साथ नवाचार अपनाते हुए युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा मिले। राज्यपाल ने राजस्थान विश्वविद्यालय को ज्ञान के प्रसार और शोध-अनुसंधान के नवाचारों में विश्वभर में विशिष्ट पहचान बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, तकनीकी, उद्योग, पूंजी, श्रम और संस्कृति सभी क्षेत्रों में देश कैसे सर्वोच्च स्थान पर पहुंचे, विश्वविद्यालय शिक्षण के अंतर्गत इस पर विचार किया जाना चाहिए।

एक बयान के अनुसार मिश्र ने समारोह में शारीरिक शिक्षा के दो विद्यार्थियों एवं दर्शनशास्त्र के एक विद्यार्थी को डीलिट तथा कला, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, विधि, इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी, प्रबंध एवं ललित कला संकाय में 472 को पीएचडी की उपाधि तथा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 113 छात्र-छात्राओं को 119 स्वर्ण पदक प्रदान किये। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव जैन ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News