दिल्ली-यूपी में सर्द हवाओं के साथ छाए रहेंगे घने कोहरे
punjabkesari.in Friday, Feb 11, 2022 - 12:25 PM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग के मुताबिक, पिछले 2-3 दिनों से उत्तर भारत के लोगों को ठंड से तो राहत मिली है लेकिन ऐसे कई राज्य है जहां आने वाले दिनों में घने कोहरे के छाए रहने की अनुमान लगाया जा रहा है
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 187 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। पड़ोसी फरीदाबाद (190), गुरुग्राम (155), गाजियाबाद (137), ग्रेटर नोएडा (127) और नोएडा (145) में भी एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’ माना जाता है, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 78 फीसदी रही। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 9.1 और 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।