तजिंदर पाल सिंह बग्गा की मां, बहन को पंजाब पुलिस ने प्रताड़ित किया : भाजपा की दिल्ली इकाई

punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 05:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की मां और बहन को पंजाब पुलिस ने प्रताड़ित किया है। उल्लेखनीय है कि ‘द कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करने पर पंजाब पुलिस ने बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, पंजाब पुलिस या राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता और पार्टी के सांसद प्रवेश वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पंजाब में आप राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ प्रतिशोध में संलिप्त है। वर्मा ने दावा किया, ‘‘एक डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम बग्गा के आवास पर देर रात दो बजे पहुंची और उनकी मां तथा बहन को प्रताड़ित किया। बग्गा वहां से निकल चुके थे और उन्होंने चार स्थान बदले, जहां पंजाब पुलिस ने उनका पीछा किया।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रदर्शित करता है कि पुलिस हमारे नेताओं के फोन टैप कर रही है। '' पंजाब पुलिस ने आप के एक नेता की शिकायत के बाद, भड़काऊ भाषण देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक भयादोहन करने के आरोपों को लेकर बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि पंजाब में आप सरकार शक्तियों का दुरूपयोग कर पुलिस का अपने हित के लिए इस्तेमल कर रही है। बग्गा की टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दिल्ली भाजपा के एक अन्य नेता एवं मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख नवीन कुमार ने कहा कि पुलिस उनके घर भी पहुंची। दरअसल, वह भी पंजाब पुलिस की प्राथमिकी का सामना कर रहे हैं। दिल्ली के लक्ष्मीनगर में रह रहे कुमार ने अपने घर के बाहर पंजाब पुलिस के कर्मियों के खड़े रहने की तस्वीरें साझा की और कहा कि वह(कुमार) तब वहां नहीं थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News