सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एमआर शाह को आया हार्ट अटैक, इलाज के लिए हिमाचल से दिल्ली लाया जा रहा

punjabkesari.in Thursday, Jun 16, 2022 - 06:58 PM (IST)

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एम. आर. शाह को विमान से दिल्ली लाया जा रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने कहा कि न्यायमूर्ति शाह सीने में कुछ तकलीफ के कारण अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। सूत्रों ने बताया कि प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण अपने साथी न्यायाधीश को इलाज के लिए दिल्ली लाने के वास्ते उनसे (न्यायमूर्ति शाह से) और गृह मंत्रालय से लगातार सम्पर्क बनाये हुए हैं। बाद में एक वीडियो संदेश में न्यायमूर्ति शाह ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है और वह दिल्ली पहुंच रहे हैं।

न्यायमूर्ति शाह ने कानूनी बिरादरी के भीतर प्रसारित वीडियो में कहा, ‘‘ईश्वर की कृपा से मैं ठीक हूं और मेरी हालत स्थिर है। चिन्ता की कोई बात नहीं। मैं दिल्ली पहुंच रहा हूं और आप मुझसे मिल सकते हैं। आप देख सकते हैं। भगवान की कृपा से मैंने कल (बुधवार को) और परसों (कुछ मंदिरों में) 'दर्शन' किया था और उसके बाद, मैं अपने और अपने परिवार के लिए (भगवान का) आशीर्वाद लेकर जा रहा हूं। भगवान सभी को और मुझे भी आशीर्वाद दें।” न्यायमूर्ति शाह ने पिछले सप्ताह एक अवकाशकालीन पीठ की अध्यक्षता की थी।

16 मई, 1958 को जन्मे न्यायमूर्ति शाह को 19 जुलाई, 1982 को एक अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया गया था, और सात मार्च, 2004 को गुजरात उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने से पहले उन्होंने उसी उच्च न्यायालय में वकालत की थी। वह 22 जून, 2005 को गुजरात उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश बने और बाद में 12 अगस्त, 2018 को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए। उन्हें दो नवंबर, 2018 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। वह 15 मई, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News