PoK एक्टिविस्ट ने UN में खोली पाक की पोल, कहा- "हमारे साथ हो रहा जानवरों जैसा व्यवहार"

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2020 - 01:19 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की जनता  पाकिस्तानी सरकार  के अत्याचारों से  किस कदर परेशान है इसका एक और सबूत जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में मिला।  UN में PoK के  मानवाधिकार एक्टिविस्ट मोहम्मद सज्जाद राजा ने संयुक्त राष्ट्र में  अपील करते हुए कहा कि PoK  में लोगों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार हो रहा है। पाकिस्तान की असलियत सामने लाते हुए राजा ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के लोगों को बचाया जाए। पाकिस्तान हमारे साथ जानवरों जैसा व्यवहार कर रहा है, उसे रोका जाए।

 

उन्होंने कहा, ‘आजाद कश्मीर चुनाव अधिनियम (2020) लागू कर हमारे राजनीतिक, नागरिक और संवैधानिक अधिकारों को छीन लिया गया है। हम अपने ही घर में देशद्रोही माने जाते हैं। ऐसे में हमसे बहुत बुरा बर्ताव किया जा रहा है, उसे रोका जाए।’इसके अलावा राजा ने बताया कि पाकिस्तान पीओके और सीमापार भारत के युवाओं का भी ब्रेन वॉश कर रहा है। राजा ने कहा, ‘हमारी आवाज को पाकिस्तान ने हमेशा दबाया है लेकिन हमें उम्मीद है कि हमारी आवाज संरा में जरूर सुनी जाएगी। हम संरा से अपनी शांति की भीख मांगते हैं और न्याय कि गुहार लगाते हैं।

 

कहा जा रहा है कि पाकिस्तान अब गिलगित-बाल्टिस्तान को अपना प्रांत घोषित करने की कोशिश कर रहा है और इसलिए गिलगित-बाल्तिस्तान में विधानसभा के लिए 15 नवंबर को चुनाव कराने की घोषणा की है। भारत ने गिलगिट-बाल्टिस्तान में   विधानसभा चुनाव कराने के पाकिस्तान के फैसले की तीखी आलोचना की। भारत का कहना है कि सेना के कब्जे वाले इस क्षेत्र की स्थिति बदलने के किसी भी कार्य का कोई कानूनी आधार नहीं है। वर्चुअल मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने इस मुद्दे पर पाकिस्तानी नेतृत्व की ओर से दिए बयान का जिक्र करते हुए कहा था कि पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामलों में टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

 

बता दें कि पाकिस्‍तानी सेना के अफसर कश्‍मीरी लोगों पर आत्‍मघाती हमला करवाते हैं। घरों से उठाकर ले जाते हैं। हाल ही में लद्दाख के भाजपा सांसद जामयांग सेरिंग नांग्याल ने कहा है कि पाकिस्तान अपने कब्जे वाले भारतीय क्षेत्र गिलगिट-बाल्टिस्तान में बड़े पैमाने पर जातीय नरसंहार करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि गिलगिट-बाल्टिस्तान भारत का हिस्सा है और मैं वहां के लोगों के साथ हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News