वृंदावन श्री बांके बिहारी के श्रद्धालुओं के लिए खास खबर, अब हर रोज दर्शन देंगे ठाकुर जी

punjabkesari.in Sunday, Jun 27, 2021 - 03:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश सरकार के सप्ताहांत में भी मंदिर खोले जाने के निर्देश के बाद प्रदेश के मथुरा जनपद के ठाकुर बांके बिहारी एवं ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर अब हर रोज खुलेंगे जिससे श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के प्रकोप से बचने के लिए सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान कर सभी सार्वजनिक गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया था। दूसरी ओर कोरोना वायरस के प्रसार में आई कमी के बाद प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सप्ताहांत में शनिवार और रविवार को मंदिरों को पहले के समान ही बंद रखा गया था। राज्य सरकार ने शुक्रवार को सप्ताहांत में भी मंदिरों को भक्तों के लिए खोले जाने की अनुमति दे दी थी।

 

ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधकों मुनीश शर्मा एवं उमेश सारस्वत ने बताया कि प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर शनिवार से सभी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खोला जा रहा है तथा स्थानीय एवं बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों ने पूर्ववत ठाकुरजी के दर्शन के लिए आना प्रारंभ कर दिया है। इसी प्रकार, मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश एवं श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर स्थित सभी मंदिरों को शनिवार से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। अब श्रद्धालु पहले के समान ही रोजाना ठाकुरजी के दर्शन करने में सक्षम हो गए हैं।

 

ठाकुर द्वारिकाधीश के मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत अब शनिवार और रविवार को भी धर्मस्थल खुलेंगे। उन्होंने बताया कि दो झांकी के दर्शन सुबह और दो झांकी के दर्शन शाम को होंगे। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि प्रदेश सरकार के नए दिशा निर्देशों के साथ धर्मस्थल खोलने की इजाजत दी है, जिनमें मास्क पहनना, सैनिटाइज करना व सोशल डिस्टेंस का पालन करना जरूरी है। बता दें कि साप्ताहांत पर ही तकरीबन दो सौ किमी के दायरे में स्थित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से सबसे ज्यादा श्रद्धालु मथुरा-वृन्दावन में आते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News