AAP में शामिल होंगे एक्टर सोनू सूद! दिल्ली में गुजराती कारोबारी के साथ पार्टी नेताओं की हुई बैठक

punjabkesari.in Friday, Sep 24, 2021 - 11:47 AM (IST)

नई दिल्ली-  पिछले काफी दिनों से बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद आयकर विभाग के सर्वे के चलते सुर्खियों में छाए हुए हैं। बता दें कि सोनू सूद के आम आदमी पार्टी  में शामिल होने की खबरों पर जल्दी विराम लग सकता है। खबरों के अनुसार, वे जल्द ही पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। जानकारी के मुताबिक,  उन्होंने बुधवार को पार्टी के कुछ नेताओं के साथ बैठक की थी। अगस्त में दिल्ली में सत्तारूढ़ आप ने सूद को ‘देश के मेंटर’ पहल का ब्रैंड एम्बेसडर बनाया था।
 

आप के सदस्य बन सकते हैं सोनू सूद 
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू सूद आप के सदस्य बन सकते हैं। उनकी सदस्यता को लेकर दिल्ली के एक कार्यालय में आप पदाधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इस मीटिंग में गुजरात के नामी कारोबारी भी शामिल थे। बता दें कि 2022 में गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है।
 

जानकारी के मुताबिक,  सोनू सूद के साथ पार्टी नेताओं की बैठक की जानकारी दिल्ली मुख्यालय को भी थी, इसके अलावा कुछ समय पहले ही वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मिले थे जिसके बाद ही उनके घर और दफ्तरों में आयकर विभाग ने छापेमारी की।

 हालांकि, एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि दो राजनीतिक दलों ने राज्यसभा में सीटों की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने मना कर दिया था।
 

 दिल्ली सरकार की पहल ‘देश के मेंटर’ के ब्रैंड एम्बेसडर बनेंगे सोनू सूद
वहीं इससे पहले अगस्त में सीएम केजरीवाल ने ऐलान किया था की सोनू सूद दिल्ली सरकार की पहल ‘देश के मेंटर’ के ब्रैंड एम्बेसडर बनेंगे। केजरीवाल ने कहा था कि यह देश का सबसे बड़ा मेंटरिंग प्रोग्राम होगा, इसमें 3 लाख युवा दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 10 लाख छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। बता दें कि कोरोना महामार के दौरान सोनू सूद ने  लॉकडाउन में फंसे कई प्रवासी मजदूरों और छात्रों की मदद की थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News