बर्फबारी के बाद देश से कटी कश्मीर घाटी, महिलाओं और बच्चों समेत फंसे 400 यात्री

punjabkesari.in Monday, Jan 04, 2021 - 03:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: विभिन्न जगहों पर हिमपात और भूस्खलन के कारण 270 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद रहने के साथ-साथ सोमवार को लगातार दूसरे दिन कश्मीर घाटी समूचे देश से कटी रही। यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जवाहर सुरंग, शैतान नाला और बनिहाल की दोनों तरफ हुयी ताजा बफर्बारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को बंद रहा। 

PunjabKesari

सुरंग के कश्मीर वाले हिस्से में लगभग तीन फीट बर्फ, जबकि जम्मू वाले हिस्से में दो फीट तक बर्फ जमा हो गयी। इस बीच आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों सहित बड़ी संख्या में वाहन राजमार्ग पर पर फंसे हुये हैं। अधिकारी ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने राजमार्ग से बर्फ और पत्थरों को हटाने के लिये कर्मचारियों को परिष्कृत मशीनों के साथ काम पर लगा दिया है। काम पूरा होने के बाद फंसे हुये वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जायेगी। 

PunjabKesari

पहले जवाहर सुरंग और बनिहाल के बीच फंसे जम्मू की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति दी जायेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी कुछ दिनों के दौरान राजमार्ग पर और अधिक हिमपात और बारिश हो सकती है, जो आवागमन को बाधित कर सकता है। फंसे हुये यात्रियों ने बनिहाल से फोन पर बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें अपने घरों में आश्रय दिया है। यहां बुजुर्गों के अलावा महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 400 यात्री फंसे हुये हैं। 

PunjabKesari
स्थानीय निवासी फंसे हुये यात्रियों को आवास के साथ-साथ भोजन और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं। फंसे हुये यात्रियों ने मांग की है कि उन्हें कश्मीर तक पहुंचने के लिये नव निर्मित बनिहाल-काजीगुंड सुरंग का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाये। इस सुरंग को मार्च में राष्ट्र को समर्पित किये जाने की उम्मीद है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News