जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी

punjabkesari.in Monday, Dec 28, 2020 - 07:58 PM (IST)


श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं, समूची घाटी में न्यूनतम तापमान में सुधार होने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कश्मीर और जम्मू क्षेत्रों के ऊंचाई वाले इलाकों में रात में फिर से बर्फबारी हुई है। उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में दो इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है जबकि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में और मध्य कश्मीर के सोनमर्ग में एक-एक इंच हिमपात दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के गुरेज में तीन इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। उन्होंने बताया कि जम्मू क्षेत्र के भी कई हिस्सों में बर्फबारी हुई है।

 

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर जवाहर टनल के आसपास के इलाके में दो इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इस राजमार्ग पर अस्थायी रूप से यातायात बाधित हो गया था। उन्होंने बताया कि कश्मीर घाटी को सभी मौसम में देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाली सड़क पर सुबह में कुछ देर के लिए यातायात रोका गया था लेकिन बर्फ साफ करने के बाद गाडिय़ों को जाने की इजाजत दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से कश्मीर घाटी में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई जिससे निवासियों को राहत मिली। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में शनिवार को तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था जो रविवार रात को करीब छह डिग्री बढ़कर शून्य से ऊपर 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को पहलगाम में पारा शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया जो शनिवार रात को शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे था। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में पारा शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह घाटी का सबसे सर्द इलाका रहा। अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड और कुपवाड़ा में भी पारा शून्य से थोड़ा ही कम दर्ज किया गया। गौरतलब है कि कश्मीर में 40 दिन का 'चिल्ला कलां' का दौर चल रहा है। इस दौरान क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ती है और सर्दी का आलम यह रहता है कि जल आपूर्ति वाली लाइनों तक में पानी जम जाता है।

मौसम विज्ञान विभाग के कार्यालय ने कहा है कि तीन जनवरी तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News